ये हैं शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव कर 15 खिड़कियों के शीशे तोड़ने वाले पांच युवक, जानें क्यों की वारदात
शताब्दी एक्सप्रेस शनिवार रात लगभग 21.32 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन अमृतसर के लिए रवाना हुई थी। तब यार्ड साइड लोकल एरिया में पथराव की घटना सामने आई थी। इस कारण ट्रेन की 15 खिड़कियों के शीशे टूट गए थे।
जागरण संवाददाता, जालंधर। शनिवार रात जालंधर शहर से अमृतसर की तरफ रवाना हुई शताब्दी एक्सप्रेस के पर पथराव करके 15 खिड़कियों के शीशे तोड़ने वाले पांचों आरोपित दबोच लिए गए हैं। गाड़ी संख्या 12013 शताब्दी एक्सप्रेस शनिवार रात लगभग 21.32 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन अमृतसर के लिए रवाना हुई थी। तब यार्ड साइड लोकल एरिया में पथराव की घटना सामने आई थी। इस कारण ट्रेन की 15 खिड़कियों के शीशे टूट गए थे हालांकि किसी भी यात्री या ट्रेन में सवार कर्मचारियों को कोई चोट नहीं आई थी।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि घटना का पता चलते ही तत्काल आरपीएफ जालंधर सिटी हरकत में आई और रेलवे यार्ड से सटे पथराव वाले क्षेत्र की तरफ दबिश दी। जहां से पथराव किया गया, उस स्थान से तीन व्यक्तियों को मौके से पकड़ लिया। इनमें ऋतिक वर्मा, राघवंद एवं दीपक कुशवाहा शामिल थे। उन्होंने पथराव करने की बात कुबूल की है।
पूछताछ करने पर पता चला कि यह घटना जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थानीय क्षेत्र काजीमंडी के दो असामाजिक गिरोहों के बीच आपसी रंजिश का नतीजा थी। हालांकि पथराव की पिछली घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी पुष्टि की जा रही है। गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपने तीन अन्य साथियों के नामों का खुलासा किया है। पहचान होने पर उनके दो और सहयोगियों अश्वनी उर्फ कालिया और विक्की को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एक और आरोपित लक्की अभी भी वांछित है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और फरार आरोपी लक्की की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। अभियुक्तों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- एलन मस्क को नवजोत सिद्धू ने दिया पंजाब में निवेश का न्योता, बंगाल के मंत्री ने कहा- हमारे यहां आइए
यह भी पढ़ें - पंजाब चुनाव 2022ः आसान नहीं आदमपुर से पवन टीनू की राह, सुखविंदर कोटली लगा सकते हैं बसपा के वोट बैंक में सेंध