पुलिस ने गांव दादूवाल के खेतों में रोका अवैध खनन, मौके से पोकलेन मशीन बरामद
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में आरोपित सुखविंदर सिंह की पहचान कर उसे नामजद किया गया है। जल्द उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
जालंधर, जेएनएन। थाना सदर पुलिस ने गांव दादूवाल में चल रहे अवैध खनन के मामले में एक आरोपित को नामजद किया है। आरोपित की पहचान गांव दादूवाल के सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। इसे अभी पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। गांव वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अवैध खनन वाली जगह से मिट्टी खोदने वाली पोकलेन मशीन कब्जे में लेते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस चौकी जंडियाला के इंचार्ज जसबीर चंद ने बताया कि गांव दादूवाल के लोगों ने शिकायत दी थी कि दादूवाल और चौलांग की हद में अवैध खनन हो रहा है।
उपमंडल फिल्लौर के माइनिंग इंस्पेक्टर सुखपाल सिंह ने अपनी टीम के साथ गांव पहुंच मौके की जांच की, तो वहां अवैध खनन होता पाया गया। हालांकि, इस दौरान मौके से कोई मशीन नहीं बरामद हुई। इसके बाद पांच मार्च को सूचना मिली की उक्त जगह पर दोबारा से अवैध खनन होना शुरू हो गया है। माइनिंग इंस्पेक्टर और पुलिस टीम मौके पहुंची तो वहां एक पीले रंग की मिट्टी खोदने वाली पोकलेन मशीन बरामद हुई। हालांकि उसका चालक मौके से भाग चुका था।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए वीरवार देर रात को माइनिंग इंस्पेक्टर के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि फिलहाल मामले में आरोपित सुखविंदर सिंह की पहचान कर उसे नामजद किया गया है। पुलिस जल्द उसे गिरफ्तार कर इस अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें