Coronavirus Alert: निजात्म नगर में मिला शहर का पहला पॉजिटिव केस, दस लोग क्वारंटाइन किए
पुलिस ने रेड डालकर महिला का घर घेर लिया था। इससे मोहल्ले में रहने वाले लोगों में डर का महौल पैदा हो गया है। महिला के घरवाले ताला लगाकर गायब हो गए हैं।
जालंधर, जेएनएन। निजात्म नगर से जालंधर शहर का पहला कोरोना वायरस पॉजिटिव केस मिला है। इसकी पुष्टि सेहत विभाग के नोडल अफसर टीपी सिंह ने की है। मरीज 70 साल की महिला है। उसे कुछ दिन पहले डीएमसी लुधियाना में भर्थी करवाया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और सेहत विभाग की टीम ने मौके पर जाकर घर को घेर लिया। हालांकि घरवाले घर में ताला लगाकर गायब हो गए हैं। सेहत विभाग ने आसपास के दस लोगों को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। उधर, कोरोना वायरस पॉजिटिव केस मिलने से मोहल्लों के लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया है। पुलिस ने पूरा मोहल्ला सील कर दिया है।
जालंधरः निजात्म नगर जिस घर से कोरोना पॉजिटिव महिला का केस मिला है, उस पर सेहत विभाग ने कोविड-19 का स्टिकर चिपका दिया है।
जालंधरः निजात्म नगर कोरोना वायरस संक्रमित महिला का केस मिलने के बाद पूरे मोहल्ले को पुलिस ने सील कर दिया है। किसी भी तरह की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई है।
महिला की विदेश यात्रा की हिस्ट्री नहीं
उधर, सीएमसी लुधियाना से पता चला है कि महिला की विदेश यात्रा की कोई हिस्ट्री नहीं है। उसे 16 मार्च से खांसी, बुखार और सांस लेने में दिक्कत थी। 21 मार्च को सीएमसी में जाकर खुद को दिखाया था। निमोनिया की पुष्टि होने के बाद उसके सैंपल लेकर कोरोना वायरस संक्रमण जांच के लिए भेजे गए थे। अस्पातल के अनुसार महिला की कोई विदेश यात्रा की हिस्ट्री नहीं है। यानी, उसे वायरस का संक्रमण विदेश से लौटे किसी व्यक्ति के संपर्क में आने से हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया घरों का सर्वे
जालंधर के निजात्म नगर में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद घर-घर सर्वे करती हुई स्वास्थ्य विभाग की टीम।
निजात्म नगर में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद सेहत विभाग की टीम ने घर-घर सर्वे कर लोगों के स्वास्थ्य का रिकॉर्ड दर्ज किया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कौन-कौन और लोग संक्रमित महिला के संपर्क में आए हैं।
11 मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव
इधर, सेहत विभाग की ओर से कोरोना वायरस की पुष्टि के लिए भेजे गए सेंपलों में से वीरवार को 11 मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। विभाग की ओर से बुधवार रात तक 50 संदिग्ध मरीजों के सैंपल भेजे गए थे। इनमें सिविल अस्पताल स्टाफ के भी चार सदस्य शामिल हैं। ये सबी कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले नवांशहर के गांव पठलावा के मरीज के संपर्क में आए थे। जिले में 50 में से 32 सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें से तीन को कोरोना वायरस होने की पुष्टि हुई है। विभाग को 18 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट का इंतजार है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें