मनोज के जरिए नशे के इंजेक्शन बेचने वालों तक पहुंच सकती है जालंधर पुलिस, जल्द गिरफ्तारी संभव
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल आपरेशन यूनिट ने 150 नशे के इंजेक्शन के साथ मनोज कुमार को रविवार को काबू किया था। 38 साल का मनोज एकता नगर नजदीक रेलफे फाटक के पास रहता है। आरोपित 12वीं पास है
जालंधर, जेएनएन। नशे के टीकों के साथ पकड़े गए 12वीं पास मनोज कुमार के जरिये पुलिस जल्द इस धंधे से जुड़े लोगों तक पहुंच सकती है। पुलिस जल्द ही मनोज के साथ जुड़े बाकी लोगों की गिरफ्तारी और बड़ी बरामदगी करके पूरे गोरखधंधे से पर्दा उठा सकती है। पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि नशे का आदी मनोज लगभग दो सालों से इस धंधे से जुड़ा हुआ था और खुद भी नशा करता है। उसने कई अन्य युवाओं को भी इसकी आदत लगा दी थी। इस वजह से पुलिस के लिए अब उन तक पहुंचना भी बेहद जरूरी हो चुका है।
गौर हो कि स्पेशल आपरेशन यूनिट कमिश्नरेट पुलिस ने 150 नशे के इंजेक्शन के साथ मनोज कुमार को रविवार को काबू किया था। 38 साल का मनोज एकता नगर नजदीक रेलफे फाटक के पास रहता है। आरोपित 12वीं पास है और दो सालों से नशे के टीके लगाने के साथ-साथ बेचने का काम करता है। अब पुलिस आरोपित के जरिए नशे के टीके बेचने वालों की पहचान करने के लिए करेगी पूछताछ।
सूर्या एन्क्लेव के पास आरओबी से किया था गिरफ्तार
एसीपी डिटेक्टिव कमिश्नरेट कंवलजीत सिंह ने बताया कि स्पेशल आपरेशन यूनिट के इंचार्ज एसआई अश्विनी कुमार ने सूर्या एन्क्लेव के पास पड़ते आरओबी पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान चेकिंग के लिए संदिग्ध को रोका। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास 150 नशे के टीके बरामद हुए। आरोपित मनोज कुमार के खिलाफ थाना रामामंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।