नाके पर दबोचा तो पुलिस पर ही चला दी गोली, जालंधर में पंजाबी यू-ट्यूबर मणी शाकर समेत 3 गिरफ्तार
जालंधर पुलिस ने विदेशी हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाबी यू-ट्यूबर मणी शाकर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-1789972890483_m.webp)
जालंधर में विदेशी हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश।
HighLights
जालंधर पुलिस ने विदेशी हथियारों की तस्करी करने वाला गिरोह पकड़ा
पंजाबी यू-ट्यूबर मणी शाकर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए
पुलिस ने पांच पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं
जागरण संवाददाता, जालंधर। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चर्चित पंजाबी यू-ट्यूबर मणी शाकर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल पांच पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में आस्ट्रिया, जर्मनी और रोमानिया निर्मित पिस्टल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर, एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा और एसीपी सब-डिवीजन-5 कैंट कुलविंदर सिंह विर्क की निगरानी में थाना सदर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
18 सितंबर को चलाई थी गोली
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर को चौकी जंडियाला के इंचार्ज एसआइ नरेंद्र मोहन पुलिस टीम के साथ जंडियाला मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान महिंद्रा स्कार्पियो नंबर पीआर-08-जीबी-1101 को रोककर तलाशी ली गई।
गाड़ी में चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति बैठा था। पुलिस ने दोनों से पहचान संबंधी दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस मांगे। आरोप था कि जांच के दौरान गाड़ी में बैठे व्यक्ति ने अचानक पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायर करने का प्रयास किया।
एसआइ नरेंद्र मोहन ने तत्परता दिखाते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और पिस्टल की दिशा दूसरी तरफ कर दी। इसके बावजूद आरोपित ने दो गोलियां चला दीं। दोनों गोलियां पास स्थित एक ढाबे की दीवार में जा लगीं।
पुलिस कर्मचारियों ने सावधानी बरतते हुए दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मणी शोकर, पुत्र जसविंदर सिंह, निवासी गांव अट्टी बाजा, फिल्लौर, जिला जालंधर के रूप में हुई।
स्कार्पियो चालक की पहचान दिलप्रीत सिंह, पुत्र गुरनेक सिंह, निवासी गांव धर्म सिंह वाला, थाना फतेहगढ़ पंजतूर, जिला मोगा के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के बाद चार और पिस्टल बरामद
पूछताछ के दौरान पुलिस ने मणि शोकर की निशानदेही पर चार और पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार पहले बरामद हथियार के साथ तीन जिंदा कारतूस मिले थे। इस तरह मामले में कुल पांच पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।
बरामद हथियारों में ग्लाक 19 जेन4, आस्ट्रिया, 9×19 एमएम, रोमानिया निर्मित कुगीर माडल टीटी सी, एक सिल्वर रंग की बिना मार्किंग वाली पिस्टल, जर्मनी निर्मित तथा एक काले-भूरे रंग की बिना मार्किंग वाली पिस्टल शामिल है।
पिस्टल देने वाला लुधियाना से गिरफ्तार
इस मामले में मेहर सिंह उर्फ प्रिंस, पुत्र लखविंदर सिंह, निवासी न्यू आजाद नगर, बहादरके रोड, लुधियाना को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर हथियारों की खरीद, सप्लाई और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
डीसीपी आदित्य वारियर ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- 'पंजाब का भविष्य खतरे में है' पोस्ट पर केजरीवाल का BJP पर पलटवार, कहा- 'गुजरात से आने वाली सप्लाई रोके केंद्र'
