जालंधर पुलिस ने 12वीं पास को 150 नशे के टीकों के साथ दबोचा, बेचने के साथ-साथ खुद भी लगाता था
जालंधर में पकड़ा गया एकता नगर नजदीक रेलफे फाटक का रहने वाला 38 साल का मनोज कुमार है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह 12वीं पास है। गलत संगत में पड़कर वह नशा करने का आदी हो गया।
जालंधर, जेएनएन। कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल आपरेशन यूनिट ने नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में बड़ी सफलता हासिल की है। यूनिट ने नशे के 150 टीकों के साथ एक यवुक गिरफ्तार किया है। आरोपित एकता नगर नजदीक रेलफे फाटक का रहने वाला 38 साल का मनोज कुमार है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह 12वीं पास है। गलत संगत में पड़कर वह नशा करने का आदी हो गया। पिछले दो सालों से वह नशा कर रहा है। मनोज ने बताया कि वह खुद नशा का टीका लगाता है। पैसों का इंतजाम करने के लिए वह अन्य नशे के आदी लोगों को टीके बेचने का काम करने लगा था।
यह भी पढ़ें - पंजाब में दसवीं की रिवाइज्ड डेटशीट जारी, समस्याओं के समाधान के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
नशे के इंजेक्शन बेचने वालों का पता लगाएगी पुलिस
पुलिस ने कहा कि मनोज कुमार से मिली जानकारी के आधार पर अब उसे नशे के इंजेक्शन बेचने वालों का पता लगाकर उन पर शिकंजा कसा जाएगा। उनकी पहचान करके जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
स्पेशल आपरेशन यूनिट ने यूं दबोचा आरोपित
एसीपी डिटेक्टिव कमिश्नरेट कंवलजीत सिंह ने बताया कि स्पेशल आपरेशन यूनिट के इंचार्ज एसआई अश्विनी कुमार ने सूर्या एन्क्लेव के पास पड़ते आरओबी पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान नाके पर चेकिंग चल रही थी। तभी शक के आधार पर युवक को रोका गया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 150 नशे के टीके बरामद किए गए। आरोपित मनोज कुमार के खिलाफ थाना रामामंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द नशे के इंजेक्शन बेचने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।