जालंधर से दिल्ली हुई दूर, केवल अंबाला तक चल रहीं सरकारी बसें, यात्रियों को लूट रहा निजी बस माफिया
पंजाब रोडवेज ने किसान आंदोलन के कारण दिल्ली तक बस सेवा बंद कर दी है। सरकारी बसें केवल अंबाला तक ही जा रही हैं। इसका फायदा निजी बस माफिया उठा रहा है। भारी भरकम किराया लेकर गांवों और लिंक रोड से होते हुए वह उन्हें दिल्ली पहुंचा रहा है।
जालंधर [मनुपाल शर्मा]। किसान आंदोलन का खामियाजा पंजाब से दिल्ली जाने को उठाना पड़ रहा है। पंजाब रोडवेज ने किसानों के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली तक बस सेवा बंद कर दी है। सरकारी बसें केवल अंबाला तक ही जा रही हैं। इसका फायदा निजी बस माफिया उठा रहा है। दिल्ली जाने वाली सवारियों से भारी भरकम किराया वसूला जा रहा है। हाईवे पर किसानों के जमा होने के कारण निजी बस माफिया हाईवे की बजाय लिंक रोड से बसें चला कर दिल्ली बॉर्डर तक पहुंच रहा है। मजबूरी में यात्रा कर रहे लोगों से मनमर्जी का किराया वसूल रहा है।
पंजाब रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों एवं सरकारी बसों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली के ऑपरेशन चलाने का रिस्क फिलहाल नहीं लिया जा सकता है। इस वजह से रोडवेज को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
हालात सामान्य होने तक बस सेवा बहाल करना संभव नहीं
पंजाब रोडवेज ने लाकडाउन खुलने के बाद गत महीने ही वोल्वो बसों का ऑपरेशन दिल्ली रूट पर चालू किया गया था। किसान आंदोलन के कारण इसे भी बंद करना पड़ा है। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक जब तक दिल्ली में आंदोलन समाप्त नहीं हो जाता और परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जाती, तब तक दिल्ली रूट पर बस सेवा को बहाल करना संभव नहीं है।
दिल्ली रूट बंद होने से रोडवेज की 15 फीसद कमाई घटी
कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए लगाए गए लाकडाउन से पहले ही आर्थिक संकट में घिरी पंजाब रोडवेज पर अब किसान आंदोलन भी भारी पड़ रहा है। दिल्ली में धरने पर बैठे किसानों की वजह से दिल्ली तक पंजाब रोडवेज की बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। इस वजह से पंजाब रोडवेज की कमाई में लगभग 15 फीसद की कमी आ गई है। पहली दिसंबर से पंजाब में लगाए गए रात के कर्फ्यू के कारण भी पंजाब रोडवेज का रात्रि सेवाएं बंद हो गई हैं। इससे कमाई को भारी झटका लगा है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें