Navjot Singh Sidhu Resignation: विधायक बावा हैनरी भी सिद्धू के घर पहुंचे, मनाने की कोशिशें जारी
Navjot Sidhu Resignation जालंधर नार्थ से विधायक बावा हैनरी भी नवजोत सिंह सिद्धू के घर पहुंचे हैं। यहां सुबह से कांग्रेस विधायकों और सिद्धू समर्थकों का जमावड़ा लगा है। वे सिद्धू को मनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
जासं, पटियाला। पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद प्रदेश कांग्रेस में मचे घमासान के बीच जालंधर नार्थ से विधायक बावा हैनरी भी सिद्धू के घर पहुंचे हैं। यहां पहले से विधायकों और समर्थकों का जमावड़ा लगा है। सुबह से विधायक और सिद्धू समर्थक उन्हें मनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। अमृतसर से विधायक इंद्रबीर बुलारिया, कादियां के विधायक फतेह जंग सिंह बाजवा भी सिद्धू के आवास पर हैं। बावा हैनरी से मीडिया कर्मियों ने बात करनी चाही तो उन्होंने कहा कि वह पहले नवजोत सिंह सिद्धू से बात करेंगे और उसके बाद मीडिया को बताएंगे।
इससे पहले पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी प्रधान पवन कुमार गोयल भी नवजोत सिद्धू के निवास पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से सिर्फ इतना ही कहा की वह नवजोत सिद्धू को मनाने आए हैं कि वे अपना इस्तीफा वापस ले लें। उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि नवजोत सिद्धू मान जाएं।
इंद्रबीर सिंह बुलरिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ-साथ पूरी टीम को जब बदला गया है। एक नई टीम सामने आई है। इस टीम की यही कोशिश है की पंजाब के मुख्य मुद्दों के साथ किसी किस्म का समझौता न किया जाए। इस मामले पर कांग्रेस हाईकमान से भी बातचीत लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता का नवजोत सिद्धू पर विश्वास है। अगर वह अब भी ये मसाले नहीं उठाते हैं तो लोग कांग्रेस को माफ नहीं करेंगे। बुलारिया ने कहा कि मौजूदा स्थिति पर कांग्रेस हाईकमान को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उधर, कादियां के विधायक फतेह जंग सिंह बाजवा ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिए।
बता दें कि सिद्धू के इस्तीफे के बाद कांग्रेस हाईकमान ने पूरे मामले को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर छोड़ दिया है। सीएम चन्नी को ही मामला सुलझाना है। उन्होंने दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है, जिसमें कैबिनेट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और परगट सिंह शामिल हैं।