विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रेमी के कारण हुआ बेटी का तलाक, गुस्साए घरवालों ने खंभे से बांधकर पिलाया पेशाब; वीडियो कर दी वायरल

By Pankaj DwivediEdited By:
Published: Sun, 06 Jun 2021 05:58 PM (IST)Updated: Mon, 07 Jun 2021 08:06 AM (IST)

आदमपुर में बेटी का तलाक हो जाने से नाराज उसके घरवालों ने पहले प्रेमी युवक को अगवा किया और फिर ...और पढ़ें

आदमपुर में युवक को पीटकर उसे यूरिन पिलाई गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आदमपुर में युवक को पीटकर उसे यूरिन पिलाई गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जालंधर, जेएनएन। आदमपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। यहां बेटी का तलाक हो जाने से नाराज उसके घरवालों ने पहले प्रेमी युवक को अगवा किया और फिर उसे खंभे में बांधकर चप्पलों और लाठी डंडों से पीटा। आरोपितों ने युवक को पेशाब पिलाकर उसकी वीडियो बनाई और फिर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद युवक घरवालों को कुछ बताए बिना कहीं चला गया। घटना तीन मई की है। घटना की शिकायत चार मई को आदमपुर पुलिस से की गई। पांच मई को पुलिस ने नौ नामजद और तीन अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

तलवंडी गांव के रहने वाले युवक का बीते चार-पांच साल से एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था। पीडि़त युवक के परिजनों की मानें तो इसकी जानकारी होने के बाद भी लड़की के घर वालों ने उसकी शादी जबरदस्ती कहीं और कर दी, जबकि लड़की पीडि़त युवक से शादी करना चाहती थी। इसके चलते क्षेत्र के सम्मानित लोगों की मौजूदगी में पंचायत बैठाकर लड़की का तलाक करवा दिया गया। इसके बाद से ही लड़की के परिवार वाले और रिश्तेदार पीडि़त युवक से रंजिश रखे हुए थे।

युवक तलवंडी से जालंधर आ रहा था दूध देने, रास्ते से किया अगवा

पीडि़त युवक के सात भाई व बहन हैं। युवक बीते पांच-छह सालों से दूध का कारोबार करता है। बीते तीन मई को भी सुबह सात बजे अपने गांव से जालंधर दूध लेकर आ रहा था। इसी दौरान जंडूसिंघा स्थित पेट्रोल पंप के पास से आरोपितों ने उसे अगवा कर लिया। आरोपित युवक को बढियाना गांव में एक डेरे पर लेकर गए, जहां उसे 24 घंटे से ज्यादा समय तक पीटते रहे। इस दौरान उसे जबरन ग्लास में रखी पेशाब भी पिलाई। वायरल वीडियो में भी कुछ लोग युवक को ग्लास में रखी कोई चीज पिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपितों ने पीडि़त युवक को गंदगी भी खिलाई और पैसे और उसका मोबाइल भी छीन लिया।

केस दर्ज होने के बाद से आरोपित दे रहे धमकियां

युवक के अगवा होने की जानकारी किसी ने उसके पिता को दी। पिता अपने बेटे को ढूंढ़ते हुए डेरे पर पहुंचे और वहां से घायल हालत में उसे घर लेकर आए। युवक सदमे में था। कुछ दिन बाद उसे मालूम चला कि आरोपितों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया है। इसके बाद वह घर पर बिना बताए कहीं चला गया। परिजन किसी अनहोनी की आशंका भी जाहिर कर रहे हैं। उनका कहना है कि केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपित उन्हें धमकियां भी दे रहे हैं।

आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी, घर पर कोई नहीं मिला

थाना आदमपुर के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद अबी पुत्र शेरअली निवासी जंडूसिंघा, उसके दो भाइयों सैफू निवासी तलवंडी, लालू निवासी बढिय़ाना, शफी निवासी रामामंडी, गुलाम और उसका बेटा काऊ निवासी बढियाना, काली पत्नी जूर, बांटी पत्नी सुरमुद्दीन निवासी बढियाना, नवीर निवासी कपूरपिंड और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घर पर मामले से जुड़ा कोई भी आरोपित नहीं मिला है। हालांकि इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सभी आरोपितों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं।