जालंधर में शरारती तत्वों के हौसले बुलंद, नूरपुर के पास मकसूदां थाना की चेक पोस्ट में लगाई आग
जालंधर-पठानकोट हाईवे पर गांव नूरपुर में पुलिस चेकपोस्ट को शरारती लोगों ने आग लगा दी है। यहां पड़ी कुर्सियां टेंट टेबल व अन्य सामान जलकर राख हो गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपितों की पहचान करनी शुरू कर दी है।
जालंधर, जेएनएन। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद है। अब तो वे खुद पुलिस पोस्ट को निशाना बनाने लगे हैं। इसकी ताजा मिसाल जालंधर-पठानकोट हाईवे पर स्थित गांव नूरपुर में दिखी है। यहां पुलिस नाके की चेकपोस्ट को अज्ञात शरारती लोगों ने आग लगा दी। इससे नाके पर पड़ी कुर्सियां, टेंट, टेबल व अन्य सामान जलकर राख हो गया। बाद में लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। यह एरिया थाना मकसूदां के अधीन है। थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।
थाना मकसूदां के प्रभारी कमलजीत सिंह बल ने बताया कि इस घटना को कुछ शरारती लोगों ने अंजाम दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर जांच की जा रही है। जल्द आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे।