विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jalandhar CoronaVirus Update: जालंधर सिविल अस्पताल को कोरोना केयर अस्पताल में किया तब्दील

By Rohit KumarEdited By:
Published: Sun, 07 Mar 2021 08:40 AM (IST)

Jalandhar CoronaVirus Update कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने से विभाग सतर्क हो गया है। सेहत विभाग ने सिविल अस्पताल ...और पढ़ें

कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही सेहत विभाग भी सतर्क हो गया है।
कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही सेहत विभाग भी सतर्क हो गया है।

जालंधर, जेएनएन। कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही सेहत विभाग भी सतर्क हो गया है। सेहत विभाग ने सिविल अस्पताल जालंधर को कोरोना केयर अस्पताल में तब्दील करने के आदेश दिए है। सोमवार से सिविल अस्पताल में मिलने वाली तमाम स्वास्थ्य सुविधाएं ईएसआइ अस्पताल में मिलेंगी। सिविल अस्पताल में कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज के लिए व्यवस्था कर दी गई है। पिछले साल कोरोना की दस्तक के बाद 25 मार्च को सिविल अस्पताल की सेवाओं को ईएसआइ अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। 12 अक्टूबर को कोरोना के मरीजों की संख्या कम होने के बाद सिविल अस्पताल में सामान्य मरीजों के लिए सेवाएं शुरू की गई थीं।

इस साल दोबारा कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद शनिवार को राज्य सरकार की मुख्य सचिव विनी महाजन की जिला प्रशासन व सेहत विभाग के अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंस यह फैसला लिया गया। सिविल अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. परमिंदर कौर का कहना है कि अधिकारियों के आदेशों के बाद सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को ईएसआइ अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल में आपरेशन थियेटर बंद कर दिया गया। केवल इमरजेंसी आपरेशन ईएसआइ अस्पताल में किए जाएंगे।

सोमवार से ईएसआइ अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी व अन्य स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। हालांकि सिविल अस्पताल में जच्चा-बच्चा सेंटर तथा माडल नशा छड़ाओ केंद्र की सुविधाएं मिलेगी। कोरोना मरीजों के लिए ट्रोमा सेंटर और मेन इमारत की तीसरी मंजिल पर लेवल-3 मरीजों के लिए आइसीयू तैयार करवा दिया गया है। इसके अलावा लेवल-2 मरीजों के लिए 70 बेड की व्यवस्था की गई है। सिविल अस्पताल में दाखिल 45 के करीब मरीजों को धीरे-धीरे छुट्टी दे दी जाएगी और जो गंभीर मरीज हैं उन्हें ईएसआइ अस्पताल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। ईएसआइ अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. सुधा शर्मा ने बताया कि उन्होंने ओपीडी के लिए एक कांप्लेक्स दे दिया है। इमरजेंसी वार्ड में बेड की क्षमता बढ़ा दी है।