यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jalandhar Coronavirus Update: जालंधर में बच्चों पर खतरा बरकरार! 61 स्टूडेंट्स व 2 साल की बच्ची सहित 177 पॉजिटिव
Jalandhar Coronavirus Update शुक्रवार को भी कोरोना वायरस ने स्कूलों में धमाका किया। 61 विद्यार्थियों सहित 177 नए केस रिपोर्ट ...और पढ़ें

जालंधर, जेएनएन। महानगर में दोबारा बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अभी थम नहीं रहे हैं। बड़ी चिंता की बात है कि सबसे ज्यादा नए पॉजिटिव केस स्कूली बच्चों के हैं। शुक्रवार को भी कोरोना वायरस ने स्कूलों में धमाका किया। 61 विद्यार्थियों सहित 177 नए केस रिपोर्ट किए गए हैं। संक्रमितों में छोटी बारादरी पार्ट-2 की रहने वाली दो साल की बच्ची भी शामिल है। तीन मरीजों की मौत भी दर्ज की गई है। बच्चों के संक्रमित होने के मामले अलग-अलग स्कूलों के हैं। बता दें कि बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स संक्रमित होने के बाद डीसी घनश्याम थोरी ने वीरवार को 8 सरकारी स्कूल बंद करने के आदेश दिए थे।
ताजा मामलों के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 22,211 तक पहुंच गई है। वहीं, अब तक मरने वालों की संख्या 719 है। राहत की बात है कि 59 मरीजों को सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों से डिस्चार्ज करके घर भेजा गया है।
वीरवार को पांच महीने बाद मिले थे 242 केस
इससे पहले वीरवार को पांच महीने बाद कोरोना का जालंधर में सबसे बड़ा अटैक हुआ था। एक साल में पहली बार जालंधर में एक साथ 79 विद्यार्थी कोरोना पाजिटिव आए। 13 शिक्षक भी संक्रमित मिले थे। शुक्रवार को कुल संक्रमितों की संख्या कुछ घटी है लेकिन स्कूली बच्चों का कोरोना वायरस संक्रमित होने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। इस कारण, स्वास्थ्य विभाग के अमले के आगे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
यह भी पढ़ें - UP से पंजाब तक बाहुबली पर लड़ाई, दोनों सरकारें आमने-सामने, जानें मुख्तार अंसारी पर सियासत का सच
आखिर कब जागेंगे स्कूल प्रबंधक
सरकारी स्कूलों में कोरोना के लगातार केस आने के बाद भी शिक्षा विभाग सबक नहीं ले रहा। स्कूलों में बच्चे व स्टाफ बिना मास्क, शारीरिक दूरी के देखा जा सकता है। पेरेंट्स टीचर मीटिंग में यह मुद्दा कई बार उठा लेकिन उसके बावजूद हाल बेहाल है। यहीं कारण है कि वीरवार को एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चे पाजिटिव आए। यहीं हाल रहा तो आने वाले दिनों में इसकी संख्या और बढ़ सकती हैं।
