CNG Crisis: शहर में 25 रुपये किलो महंगी सीएनजी, देहात में पंप होने लगे गुलजार
जालंधर शहर में 89.90 रुपये प्रति किलो की दर से सीएनजी मिल रही है। शहर में एक ही पंप पर सीएनजी की सुविधा है। यहां सीएनजी उन्हें 25 रुपये प्रति किलो महंगी पड़ती है।
जालंधर, जेएनएन। शहर में सीएनजी आपूर्ति का संकट जस का तस है। दूसरी ओर देहात में सीएनजी 25 रुपये सस्ती होने के कारण वहां सीएनजी पंप गुलजार होने लगे हैं। प्रशासन ने तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को महानगर में नियंत्रित मूल्य पर कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की सप्लाई नियमित न होने संबंधी शिकायत भेजी है लेकिन अभी तक मामले का हल नहीं निकला है। शहर में अभी भी नियंत्रित मूल्य पर सीएनजी की नियमित सप्लाई का इंतजार किया जा रहा है जबकि देहात क्षेत्र में सीएनजी के पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।
मंत्रालय की ओर से शहर में सीएनजी बिक्री के लिए अधिकृत जय मधोक कंपनी को अभी तक भी एडमिनिस्ट्रेटिव प्राइस मैनेजमेंट (एपीएम) के तहत नियंत्रित मूल्य पर सीएनजी उपलब्ध नहीं हो पाई है। यही कारण है कि अभी भी शहर में 89.90 रुपये प्रति किलो की दर पर सीएनजी मिल पा रही है। जालंधर के लगभग 1500 से ज्यादा सीएनजी चलित थ्री-व्हीलर चालकों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई थी कि उन्हें 25 रुपये प्रति किलो महंगी सीएनजी उपलब्ध करवाई जा रही है और वह भी शहर के एकमात्र पंप पर ही उपलब्ध है। सीएनजी लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है और कई बार यह उपलब्ध भी नहीं हो पाती।
इसके बाद एसडीएम-वन ने कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 दिन में सीएनजी सप्लाई नियमित और सस्ते मूल्य पर करवाने को कहा था। इसके बाद जिला प्रशासन ने तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को जालंधर में सीएनजी सप्लाई की स्थिति से अवगत भी करवाया गया। प्रशासन की तरफ से मंत्रालय को लिखा गया था कि जालंधर में सस्ते मूल्य पर सीएनजी के उपलब्ध करवाई जाए अन्यथा जालंधर देहात क्षेत्र में सीएनजी उपलब्ध करवा रही थिंक गैस को शहर में गैस देने की अनुमति दी जाए।
थिंक गैस खोल रही आउटलेट
जालंधर देहात क्षेत्र में थिंक गैस कंपनी को सीएनजी वितरण के अधिकार दिए गए हैं। एपीएम होने के चलते थिंक गैस ने जिले में नियंत्रित मूल्य पर आउटलेट्स खोलने भी शुरू कर दिए हैं। थिंक गैस कंपनी ने फगवाड़ा व गोराया में सीएनजी की बिक्री शुरू करवा दी है। करतारपुर, कपूरथला एवं प्रतापपुरा में तीन नए आउटलेट खोलने की भी तैयारी भी तेजी से चल रही है।
सस्ती सीएनजी के लिए मंत्रालय से कर रहे संपर्क
जय मधोक कंपनी के ऑपरेशन एंड मेंटीनेंस अधिकारी जयंत मलिक ने कहा कि उनके पास एपीएम के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। कंपनी ने उन्हें यही बताया कि मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क साधा जा रहा है ताकि जालंधर में नियंत्रित मूल्य पर सीएनजी उपलब्ध करवाई जा सके।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें