जालंधर में चोरो ने की हद पार! BMC चौक से काट ले गए ट्रैफिक लाइट की तारें, सिग्नल हुआ ठप्प
जालंधर के बीएमसी चौक पर 18 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने ट्रैफिक लाइट की तारें काट लीं, जिससे सिग्नल ठप्प हो गए और यातायात बाधित हुआ।
-1789887731727_m.webp)
देखिए सीसीटीवी फुटेज में कैसे चोरी हुईं ।
HighLights
बीएमसी चौक पर ट्रैफिक लाइट की तारें चोरी हुईं
18 सितंबर रात 9 बजे हुई यह घटना
सीसीटीवी फुटेज जारी, जनता से पहचान की अपील
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के जालंधर स्थित प्रसिद्ध बीएमसी (BMC) चौक पर 18 सितंबर की रात करीब 9 बजे अज्ञात शातिरों ने ट्रैफिक लाइट सिस्टम की मुख्य बिजली की तारों को काटकर चोरी कर लिया।
तारों के कटने से व्यस्त चौराहे के सभी ट्रैफिक सिग्नल ठप्प हो गए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। प्रशासन ने 'इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' (ICCC) के सीसीटीवी कैमरों से घटना का वीडियो फुटेज जारी कर सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है।
पुलिस व जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में मदद करें ताकि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने दी सूचना
यह सूचित किया जाता है कि दिनांक 18 सितंबर को रात्रि लगभग 9 बजे बीएमसी चौक के मुख्य चौराहे पर लगी ट्रैफिक लाइट सिस्टम की बिजली की तारों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काट कर चोरी कर लिया गया। इस घटना के कारण ट्रैफिक सिग्नल पूरी तरह से बंद हो गए और यातायात व्यवस्था बाधित हो गई।
इस घटना का वीडियो फुटेज इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़े निगरानी कैमरों से प्राप्त किया गया है।
प्रशासन ने आम जनता से की अपील
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि इस फुटेज को डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक प्रसारित किया जाए ताकि लोगों में जागरूकता पैदा हो सके और घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने में मदद मिल सके।
अधिकारियों ने कहा कि यह मामला प्राथमिकता से लिया जा रहा है, क्योंकि इस तरह के कृत्य न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी बिगाड़ते हैं और सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
