Punjab News: जालंधर की भोगपुर अनाज मंडी से शुरू हुई धान की सरकारी खरीद, MSP घोषित
पंजाब में धान की सरकारी खरीद 16 सितंबर से शुरू हो गई है। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारू चक्क ने ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, भोगपुर (जालंधर)। पंजाब की मंडियों में धान की सरकारी खरीद का शुभारंभ 16 सितम्बर से हो चुका है। आज भोगपुर अनाज मंडी में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारू चक्क ने धान खरीद की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर सबसे पहली ढेरी किसान सुखराज सिंह से खरीदी गई। नगर कौंसिल भोगपुर के प्रधान राजकुमार राजा, हल्का इंचार्ज आप पार्टी पवन कुमार टीनू, आढ़ती जसपाल सुखीजा राम मंदिर कमेटी,इंस्पेक्टर रजनीश शर्मा प्रधान मार्केट कमेटी के चेयरमैन बरकत राम, बलविंदर भंडारी, जस दयाल सिंह सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारू चक्क ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने किसानों से वादा किया था कि उनकी मेहनत की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार बाढ़ जैसी विपरीत परिस्थितियां रही हों, फिर भी किसानों की उपज को पूरी तरह उठाया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य एम एस पी 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है और किसानों को भुगतान उसी दिन शाम तक उनके खातों में सीधे पहुंचा दिया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने पंजाब को 172 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य दिया है, लेकिन राज्य सरकार ने इस बार 190 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अपना लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार को सितम्बर माह की 15,000 करोड़ रुपये की सीसी लिमिट और अक्टूबर माह की 27,000 करोड़ रुपये की सीसी लिमिट भी प्राप्त हो चुकी है।
कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। सभी मंडियों में पानी, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक प्रबंध पूरी तरह से कर दिए गए हैं, ताकि फसल की खरीद सुचारू ढंग से संपन्न हो सके।
