यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मानवता शर्मसारः कोरोना से जान गंवाने वाले का शव लेने नहीं पहुंचे घरवाले, जालंधर में 12 दिन बाद डीसी ने करवाया अंतिम संस्कार
अस्पताल में भर्ती करवाते समय निर्मल सिंह के घरवाले अपने मोबाइल नंबर व आधा-अधूरा पता दे गए थे। बाद में ...और पढ़ें

जालंधर, जेएनएन। कपूरथला रोड के रहने वाले 50 वर्षीय निर्मल सिंह का वीरवार को प्रशासन ने अंतिम संस्कार करवा दिया। इससे पहले, करीब 12 दिन तक प्रशासन ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाकर मृतक के घरवालों के शव पर दावा करने का इंतजार किया। पिछले दिनों इसे संबंध में एक समाचार दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। निर्मल सिंह को उनके घरवाले 4 मई को सिविल अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती करवाकर चले गए थे। अगले ही दिन कोरोना संक्रमण के कारण निर्मल सिंह की मौत हो गई थी।
अस्पताल में भर्ती करवाते समय निर्मल सिंह के घरवाले अपने मोबाइल नंबर व आधा-अधूरा पता दे गए थे। बाद में जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई तो सभी नंबर बंद मिले। पूरा पता न होने के कारण भी उनसे संपर्क स्थापित नहीं किया जा सका।
घरवालों ने बंद कर दिए मोबाइल नंबर
सिविल अस्पताल प्रशासन ने स्वजनों की ओर से दिए गए मोबाइल नंबरों पर जब संपर्क करना चाहा तो वे बंद मिले। इसके बाद शव को शवगृह में रखवाकर स्वजनों के आने का इंतजार किया गया। 12 दिन इंतजार करने पर भी जब कोई रिश्तेदार शव लेने नहीं आया तो उपायुक्त घनश्याम थोरी के नर्देश पर प्रशासन ने वीरवार को अंतिम संस्कार करवा दिया।
आखिरी उम्मीद संस्था ने किया अंतिम संस्कार
डीसी घनश्याम थोरी ने बताया कि निर्मल सिंह के शव का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकाल के साथ आखिर उम्मीद संस्था के सदस्यों ने किया। इससे पहले, डॉ. कामराज के सुपरविजन में सारी मेडिकल प्रक्रियाएं पूरी की गईं। डीसी ने कहा कि कोरोना मरीजों के अंतिम संस्कार के लिए किसी भी तरह की सहायता के लिए शहर के लोग कंट्रोल रूम नंबर 0181-2224417 और 0181-2224848 पर कॉल कर सकते हैं।
