जालंधर में आम आदमी पार्टी कृषि सुधार कानूनों की कापियां जलाकर मनाएगी लोहड़ी
जिला प्रधान (शहरी) राजविंदर कौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के वालंटियर हर गांव मोहल्ले और शहर में लोहड़ी वाले दिन कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि भेंट करेंगे और कृषि सुदार कानूनों की कापियां जलाएंगे।
जालंधर, जेएनएन। आम आदमी पार्टी (आप) जालंधर में कृषि सुधार कानूनों की प्रतियां जलाकर लोहड़ी मनाएगी। जिला प्रधान (शहरी) राजविंदर कौर और जिला प्रधान (देहात) प्रिंसिपल प्रेम कुमार ने कहा है कि केंद्र सरकार ने धक्के से ये कानून लागू किए हैं। पार्टी कृषि सुधार कानूनों की कापियां जलाकर लोहड़ी मनाएगी। इसके बाद किसान संघर्ष दौरान जान गंवाने वाले सभी किसानों को श्रद्धांजलि भेंट की जाएगी।
राजविंदर कौर और प्रेम कुमार ने कहा कि इस बार आम आदमी पार्टी लोहड़ी की शाम किसानों को समर्पित करेगी। पार्टी के वालंटियर पंजाब के हर गांव, मोहल्ले और शहर में लोहड़ी वाले दिन कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि भेंट करेंगे और कृषि सुदार कानूनों की कापियां जलाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को शहीद हो चुके किसानों के परिवारों से माफी मांग कर तुरंत इन कानूनों को रद करना चाहिए।
26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड में भी पहुंचेगे जालंघर के लोग
दोनों नेताओं ने कहा कि जालंधर के विभिन्न गांवों में से अब तक अनेक जत्थे किसान आंदोलन के लिए भेजे जा चुके हैं। 26 जनवरी को दिल्ली में की जा रही ऐतिहासिक ट्रैक्टर परेड में भी जालंधर से किसान अपने साथियों के साथ बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होने कहा कि जालंधर के लोग लोहड़ी वाले दिन कृषि सुधार कानूनों की कापियां जलाकर उनका इंटरनेट मीडिया पर प्रचार-प्रसार करें ताकि वे बता सके कि वे किसानों के साथ खड़े हैं।
आप ने किया किसानों का खुलकर समर्थन
बता दें कि पछले दिनों जालंधर में आए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि उनकी पार्टी पूरी तरह किसानों के साथ है। आप के नेताओं ने पिछले महीने जालंधर में हुए किसानों के प्रदर्शन में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।