पति ने पत्नी को किसी और की बाहों में देखा तो हो गया आगबबूला, फिर उठाया खौफनाक कदम
पति खेतों के बीच पहुंचा तो पत्नी किसी और की बाहों में थी। यह देखकर वह गुस्से से आगबबूला हो गया और उसने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
जेएनएन, जालंधर। पति ने पत्नी को किसी और की बाहों में आपत्तिजनक अवस्था में देखा तो वह आगबबूला हो गया। उसने पत्नी के प्रेमी को जान से मारने का प्रयास किया, लेकिन प्रेमी वहां से भागने में सफल रहा। इसके बाद पति ने पत्नी का गला घोंट डाला, जिससे उसकी मौत हो गई। हाल ही में जालंधर में हुए हत्याकांड के मामले में पुलिस ने यह खुलासा किया है।
एसएसपी नवजोत सिंह के मुताबिक हत्या के बाद पति पुलिस के सामने पत्नी के शव के समक्ष घड़ियाली आंसू बहाता रहा। पुलिस ने शव मिलने के 24 घंटे के अंदर हत्याकांड का राजफाश कर डाला। उल्लेखनीय है कि पुलिस को आदमपुर के गांव लुटेरा खुर्द में गन्ने के खेत में 32 वर्षीय मंजू नामक महिला की लाश मिली थी।
पुलिस ने जांच शुरू की तो हत्यारोपित कोई और नहीं बल्कि उसका अपना पति निकला। मंजू का पति बंधू मूलरूप से झारखंड का रहने वाला है। वह इन दिनों आबाद लुटेरा खुर्द जिला जालंधर में रह रहा था। जांच में पता चला है कि मृतक मंजू के बिहार के जिला दरभंगा के निवासी युवक संजय कुहार के साथ प्रेम संबंध थे।
हत्या कर चुपचाप घर आकर सो गया
पूछताछ में बंधू ने बताया कि उसे लोगों से पता चला था कि उसकी पत्नी मंजू के संबंध संजय कुहार नामक युवक के साथ हैं। कई बार उसने मंजू को समझाया था। परेशान होकर उसने दोनों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई थी। देर शाम मंजू घर से पशुओं के लिए चारा लाने का बहाना बनाकर घर से निकली थी।
लुटेरा खुर्द में गन्ने के खेत में उसने मंजू को उसके प्रेमी संजय कुहार के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ लिया। वह पहले संजय कुहार की हत्या करने के लिए उसे दबोचने लगा, लेकिन वह भाग निकला। बाद में उसने गन्ने के खेत में ही पत्नी के हाथ पांव बांधकर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया। हत्या करने के बाद वह चुपचाप घर आकर सो गया।