शादी के बाद पति नहीं छोड़ रहा प्रेमिका को, केस दर्ज
युवक ने शादी के बाद भी प्रेमिका को नहीं छोड़ा। इसके साथ ही ससुराल परिवार दहेज के लिए परेशान करने लगा।
जासं, जालंधर
युवक ने शादी के बाद भी प्रेमिका को नहीं छोड़ा। इसके साथ ही ससुराल परिवार दहेज लाने की मांग करने लगा। परेशान होकर महिला थाने में न्यू ग्रीन माडल टाउन की रहने वाली सिमरजीत कौर के बयानों पर पति, सास और मासी पर दहेज के लिए परेशान करने का मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में सिमरजीत ने कहा कि उसकी शादी 13 नवंबर 2019 को परमवीर सिंह संधू से हुई थी। बिचौलिये गुरदावर सिंह पुरेवाल ने उसका रिश्ता यह कह कर करवाया था कि लड़का कनाडा में पक्का सेटल है। शादी के बाद वह उसे भी कनाडा ले जाएगा। शादी से कुछ दिन पहले ससुराल पक्ष की तरफ से बिचौलिये से दहेज की मांग की गई, जो मजबूरी में देना पड़ा। उसने आरोप लगाया कि बचौलिये की लड़की के परमवीर के साथ संबंधों का पता होने के बावजूद अपनी बेटी के प्रेमी के साथ उसकी धोखे में रखकर शादी करवा दी गई। मासड़ की तरफ से लड़के के पिता के तौर पर शादी की रस्में अदा की गई थी। शादी के बाद ससुरालियों ने कम दहेज के ताने मार कर परेशान करना शुरू कर दिया। पिछले साल 20 नवंबर को वह हनीमून पर उदयपुर राजस्थान गए तो पति अपनी प्रेमिको को भी साथ ले गया। पति से बात की तो उसने कहा कि उसे छोड़ देगा, लेकिन प्रेमिका को नहीं। ससुराल परिवार को इसकी जानकारी दी तो उन्होंने भी यही कहा कि यह तो कोई बड़ी बात नहीं है। इसके बावजूद वो 15 लाख रुपये दहेज लाने की मांग करते रहे। उसने इसकी जानकारी अपने पिता परमजीत सिंह को भी दी थी। कुछ समय बाद यह कह कर मासी, मासड़ और सास दविदरपाल कौर ने उसके गहने छीन लिए कि माता-पिता ने कर्जा उतारने में उनकी कोई मदद नहीं की। अब वह उसके गहने बेच कर वे अपना कर्जा उतारेंगे। दो दिसंबर को पति कनाडा चला गया।