Weather Update: तीन दिन में तीन बार बदला मौसम; धुंध के कारण ट्रेनें सात घंटे तक लेट
जालंधर में न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
जालंधर, जेएनएन। शहर सहित लगभग पूरे पंजाब में लोग पिछले तीन दिन में तीन अलग-अलग तरह के मौसम से दो चार हुए। सोमवार को लोहड़ी पर जहां दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही तो मंगलवार को मकर संक्रांति पर दिन भर धूप खिली रही। मौसम साफ होने के कारण लोगों ने राहत की सांस ली ही थी कि बुधवार सुबह मौसम ने फिर करवट ली। बुधवार की सुबह का स्वागत घने कोहरे और धुंध ने किया। इस दौरान विजिबिलिटी बहुत कम रही। तापमान में गिरावट के कारण ठंड में भी इजाफा हो गया। सुबह बच्चों को स्कूल जाने और नौकरीपेशा लोगों को दफ्तर जाने में बड़ी परेशानी उठानी पड़ी।
लंबे अर्से बाद लोहड़ी के बाद इतनी अधिक धुंध पड़ी है। सुबह के समय छाई धुंध के बाद तापमान में गिरावट के साथ न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर को धूप खेलेगी, लेकिन रात को फिर से दो धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी 4 दिन बादल छाए रहने व बीच-बीच में बारिश के आसार हैं।
घर मे ट्रेन का स्टेटस चेक कर जाएंगे रेलवे स्टेशन, आम्रपाली एक्सप्रेस सात घंटे लेट
कोहरे और धुंध के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। बुधवार को आम्रपाली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-15707) करीब 7 घंटे देरी से चल रही है। इसी तरह टाटा-मुरी (गाड़ी संख्या-18101) और जम्मूतवी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-18309) करीब साढ़े 4 घंटे, सरयू-यमुना एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-14649) करीब 2:15 घंटे, अमृतसर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-11057) लगभग ढाई घंटे, मालवा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12919) करीब 2 घंटे, सचखंड एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12715) करीब डेढ़ घंटा, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा (गाड़ी संख्या-12477) एक घंटा, न्यू दिल्ली इंटरसिटी (गाड़ी संख्या-12460) करीब 40 मिनट और शान-ए-पंजाब 22 मिनट और स्वर्ण शताब्दी अपने समय से 16 मिनट की देरी से चल रही हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें