जालंधर में बर्थडे पार्टी में चली गोली, महिला की मौत; बच्चा और फोटोग्राफर घायल
जालंधर के गांव ढड्डा में एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी मातम में बदल गई, जहां फायरिंग में 42 वर्षीय अमनदीप ...और पढ़ें
-1791732070618_m.webp)
जालंधर में बच्चे के जन्मदिन की पार्टी में चलीं गोलियां।
HighLights
जन्मदिन पार्टी में गोलीबारी, महिला की मौत, दो घायल
जालंधर के ढड्डा गांव में हुई यह दुखद घटना
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की
जालंधर, जागरण संवाददाता। जालंधर के गांव ढड्डा में बच्चे के जन्मदिन की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब पार्टी के दौरान गोलियां चलने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और फोटोग्राफर घायल हो गए।
मृतका की पहचान 42 वर्षीय अमनदीप कौर निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना पतारा की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।
जर्मनी से गांव लौटी बेटी के बेटे का था जन्मदिन
जानकारी के मुताबिक गांव ढड्डा निवासी मोता सिंह की बेटी जर्मनी में रहती है। उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। इसके बाद वह अपने बच्चे के साथ गांव लौटी थी। बच्चे के जन्मदिन की खुशी में मोता सिंह ने गांव में पार्टी का आयोजन किया था। इसमें परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को बुलाया गया था।
सभी लोग जन्मदिन की खुशियां मनाने के लिए एकत्र हुए थे। बताया जा रहा है कि पार्टी में मोता सिंह के दामाद का मामा भी शामिल हुआ था। आरोप था कि पार्टी के दौरान जब डांस चल रहा था, तभी उक्त व्यक्ति ने गोलियां चला दीं। इस दौरान वहां मौजूद लोग गोली की चपेट में आ गए।
साले की बहू को लगी गोली, मौके पर हुई मौत
फायरिंग में होता सिंह के साले की बहू अमनदीप कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक बच्चा और पार्टी में तस्वीरें खींच रहा फोटोग्राफर भी घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से पार्टी में चीख-पुकार मच गई।
परिवार के सदस्यों ने घायलों को संभालने के साथ पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। घायलों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
कंट्रोल रूम से मिली थी सूचना
थाना पतारा के एसएचओ नरिंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से गांव ढड्डा में जन्मदिन पार्टी के दौरान गोली लगने से महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और आरोपित ने किन कारणों से गोली चलाई। घटना में इस्तेमाल हथियार तथा फायरिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
