फेसबुक पर लड़कों से दोस्ती कर बुलाती थी, फिर साथियों सहित करती थी लूट
फेसबुक पर लड़कों से दोस्ती कर लड़की उनको बुलाती थी फिर अपने साथियों के साथ मिलकर लूट लेती थी। पुलिस ने लड़की व उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी, जालंधर
फेसबुक पर लड़कों से दोस्ती कर लड़की उनको बुलाती थी, फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उनको लूट लेती थी। किगपिन महिला शहीद बाबू लाभ सिंह नगर निवासी रवीना अग्निहोत्री और उसके एक साथी वरियाणा निवासी मुनीश कुमार को सीआइए देहाती और थाना मकसूदां की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से लूटी गई होंडा सिटी कार बरामद कर ली है। उनके दो साथी फरार हैं, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
एसएसपी डा. संदीप कुमार गर्ग ने बताया कि तीन हफ्ते पहले मकसूदा थाने के तहत आते जालंधर कुंज में होशियारपुर के रहने वाले युवक से एक युवती व बाइक सवार तीन युवकों ने मारपीट की थी और उसका सोने का ब्रेसलेट और होंडा सिटी कार सहित आइफोन लूट ले गए थे। थाना मकसूदा की पुलिस को दी शिकायत में सक्षम ने बताया था कि वह एपीजे कालेज जालंधर में पढ़ता है। उसकी इंस्टाग्राम पर एक लड़की से दोस्ती हुई थी, जिसने रवीना अग्निहोत्री नाम से प्रोफाइल बनाई थी। रवीना ने उसे हनी ट्रैप में फंसाकर जालंधर बुलाया। सक्षम जब रवीना के कहने पर होशियारपुर से मकसूदा के जालंधर कुंज पहुंचा तो रवीना उसे मिली। अपने साथ आए युवक को रवीना ने अपना भाई बताया। इसके बाद दो और युवक आए और सक्षम के साथ मारपीट कर उसकी होंडा सिटी कार ही नहीं, उसका आइफोन और उसका सोने का ब्रेसलेट भी ले गए थे। सभी ने सक्षम को बुरी तरह पीटा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीआइए स्टाफ के प्रभारी जरनैल सिंह को मामले की जांच सौंपी गई। सीआइए और थाना मकसूदां की संयुक्त टीम बनाई गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह की सरगना एक युवती है, जो फेसबुक और इंटरनेट मीडिया के अन्य साधनों की मदद से युवकों को अपने प्रेम जाल में फंसाती है। बाद में उनको मिलने के लिए बुलाती है और अपने साथियों की मदद से उनको लूट लेती है। समक्ष को भी इसी गिरोह ने अपना शिकार बनाया था। पुलिस ने रवीना को ढूंढ़ निकाला और उसकी निशानदेही पर मुनीश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। सीआइए प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।