पापा बचा लो..शराबियों ने कार में बंद कर दिया है, किडनैप बेटी ने पिता को WhatsApp पर भेजा मैसेज Jalandhar
थाना प्रभारी नवीन पाल ने बताया कि शिकायत आई है लड़की के मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। जल्द ही उसे ढूंढ निकाला जाएगा।
जालंधर, जेएनएन। बैंक एन्क्लेव में रहने वाली एक लड़की का शुक्रवार को कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद लड़की ने वॉट्सएप से अपने पिता को मैसेज भेजा कि उसे कुछ शराबी लड़कों ने किडनैप कर कार की डिग्गी में बंद कर दिया है। उसे यह भी नहीं पता कि वह कहां है। दिनदहाड़े हुए इस अपहरण से पुलिस सकते में आ गई है और तुरंत जांच शुरू कर दी है।
बैंक एन्क्लेव में रहने वाले राम सहाय ने बताया कि वे एक निजी फैक्ट्री में काम करते हैं। उनकी बेटी मिट्ठापुर के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है। कुछ दिन पहले उसकी बेटी ने बताया था कि वह उस स्कूल में नहीं पढ़ना चाहती, वहां कुछ लड़के उसे तंग करते हैं। जब वे मिट्ठापुर में उन लड़कों से बात करने गए तो पता चला कि वे एक सरपंच के रिश्तेदार हैं। सरपंच से बात की तो उसने यकीन दिलाया कि वे उन लड़कों को समझाएंगे और आगे से कोई शिकायत नहीं मिलेगी।
इसके बाद भी वे लड़के उनकी बेटी को तंग करते रहे और धमकियां देते रहे। अंत में बेटी ने स्कूल जाना बंद ही कर दिया। उनकी बेटी कभी-कभी अपनी दादी से मिलने वुडन एवेन्यू, केपी स्टेडियम के पास जाती थी। राम सहाय ने बताया कि शुक्रवार को वे सुबह अपने काम पर गए और शाम को वापिस आए। काम के दौरान वह अपना मोबाइल बंद रखते हैं। शाम को मोबाइल ऑन किया तो देखा कि उनकी बेटी का वाट्सएप मैसेज आया था। छोटी बेटी ने मैसेज पढ़कर बताया कि दीदी का तो अपहरण हो गया है। उन्होंने इस संबंध में तुरंत पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी नवीन पाल ने बताया कि शिकायत आई है, लड़की के मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। जल्द ही उसे ढूंढ निकाला जाएगा।
सहेली ने भी फोन कर कहा था, बेटी को तंग करते हैं लड़के
राम सहाय को उनकी बेटी की सहेली भी कुछ दिन से फोन कर रही थी कि कुछ लड़के उनकी बेटी को तंग कर रहे हैं। वे पहले तो खुद लड़कों को समझाने गए। इसके बाद सरपंच से भी शिकायत की। अंत में लड़की का स्कूल जाना छुड़वा दिया। वो बस अपनी दादी के घर ही आती जाती थी। उनकी बेटी को शक था कि उसका पीछा हो रहा है, लेकिन उसने उन लड़कों को नहीं देखा था जो उसे तंग करते थे। शुक्रवार को ऐसे में उन्होंने एक-दो बार खुद भी चेक किया था। शुक्रवार शाम को उनकी छोटी बेटी ने बताया कि दीदी 12 बजे दादी के घर पर गई, लेकिन वापस नहीं आई। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें