यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब के पर्यटकों का मनाली में हुड़दंग, स्थानीय लोगों के साथ कहासुनी पर निकाली तलवारें, 4 गिरफ्तार
संगरूर रविंदर दलबीर सिंह अमनदीप और जसराज बुधवार रात कार लेकर निकले थे। मनाली पुलिस थाने के समीप ट्रैफिक जाम ...और पढ़ें

जेएनएन, मनाली। पंजाब के संगरूर से मनाली घूमने गए चार पर्यटकों ने वहां हुड़दंग कर दिया। सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर कहासुनी के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों पर तलवारों से हमला कर दिया। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हमला करने के आरोपित रविंदर (21) पुत्र भगवान गांव सयाल, सुनाम, दलबीर सिंह (28) निवासी गांव रतन गढ़ सिंधरा, अमनदीप सिंह (24) पुत्र नरपे सिंह गांव धर्मगढ़ चन्ना व जसराज (23) पुत्र शेखप्रीत सिंह ग्राम और पीओ कदयाल जिला संगरूर हैं। इस घटना की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने ऐसे लोगों को हिमाचल प्रदेश में आने से रोकने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात को ये चारों पर्यटक कार को लेकर निकले थे। मनाली पुलिस थाने के समीप ओवरटेक को लेकर हल्की से कहासुनी हो गई। लोगों ने कार हटाने को कहा तो चारों ने तैश में आकर गाड़ी से तलवार निकाल ली। पुलिस ने मनाली निवासी हरीश कुमार पुत्र देवी राम उम्र 31 साल के बयान पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं और 25 आर्म्स एक्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।
बीच सड़क खड़ी कर दी कार, लगा ट्रैफिक जाम
हरीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह बस स्टैंड मनाली से रांगड़ी जा रहा था। रास्ते में बीबीएमबी रेस्ट हाउस के पास एक कार (पीबी 11सीएफ 0123) सफेद एक्सयूवी को ओवरटेक करके सड़क के बीचोबीच खड़ी कर दी गई। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। लोगों ने पर्यटकों से गाड़ी हटाने को कहा तो वे उलझ पड़े और चार लोग तलवार लेकर कार से बाहर आ गए और लोगों से मारपीट करने लगे। इस घटना में उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
