नकोदर में पूर्व सरपंच ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर
गांव चक्क मगलानी के पूर्व सरपंच सुखविदर सिंह ने रविवार दोपहर को अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : नकोदर के गांव चक्क मगलानी के पूर्व सरपंच सुखविदर सिंह ने रविवार दोपहर को अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली है। उन्हें गंभीर हालत में पहले नकोदर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से उन्हें जालंधर के अरमान अस्पताल में रेफर कर दिया गया। देर शाम तक उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और डॉक्टर आपरेशन कर रहे थे। सूचना मिलते ही थाना नकोदर के प्रभारी अमन सैनी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल के घरवालों ने अभी बयान नहीं दर्ज करवाए हैं।
पुलिस ने बताया कि पूर्व सरपंच सुखविदर सिंह कुछ समय से नकोदर में अपनी पत्नी परमिंदर के साथ किराये की कोठी में रह रहे हैं। उनका बेटा सर्रे और बेटी टोरंटो में रहते हैं। यहां सुखविंदर अपनी पत्नी परमिंदर के साथ रहते हैं। रविवार दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने अपनी पत्नी को बुलाया और रिवॉल्वर साफ करने के बहाने मांगी। रिवॉल्वर देकर पत्नी पड़ोसियों के घर चली गई। कुछ मिनट बाद गोली चलने की आवाज आई तो वह भागकर घर पहुंची। उसने देखा कि उसके पति ने अपनी गर्दन पर गोली मार ली है। फिलहाल पता नहीं चल पाया है कि उन्होंने खुद को गोली क्यों मारी।
----
अप्रैल में खुद भी जाना है कनाडा
पुलिस के मुताबिक सुखविदर के घर में किसी तरह की कोई परेशानी या विवाद नहीं था। उन्होंने खुद भी अप्रैल में कनाडा जाना है। चर्चा यह भी है कि बेटे-बेटी को विदेश भेजने के लिए उन्होंने काफी पैसा लोगों से भी लिया था, जिस कारण वह कुछ परेशान था।