बार एसोसिएशन चुनाव: प्रधानगी के लिए पहली बार मैदान में उतरी महिला उम्मीदवार Ludhiana News
तीन अप्रैल को होने वाले चुनाव में प्रधान पद के लिए महिला उम्मीदवार ने चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बार एसोसिएशन के इतिहास में आज तक प्रधान पद के लिए महिला ने चुनाव नहीं लड़ा है।
जालंधर, [सुक्रांत]। जालंधर जिला बार एसोसिएशन का चुनावी बिगुल बज गया है। वर्ष 2020 के बार एसोसिएशन चुनाव में पहली बार कोई महिला प्रत्याशी प्रधान पद के लिए खड़ी हो रही हैं। एडवोकेट आभा नाहर ने प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा की है और प्रचार भी शुरू कर दिया है।
तीन अप्रैल को होने वाले चुनाव में एडवोकेट गुरमेल सिंह लिद्दड़ ने भी प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बार एसोसिएशन के इतिहास में आज तक प्रधान पद के लिए कभी किसी महिला ने चुनाव नहीं लड़ा है। एसोसिएशन की महिला वकीलों में खासा उत्साह है। अगर आभा जीतीं तो बार एसोसिएशन में महिला शक्ति नजर आएगी। आभा नाहर इससे पहले सचिव पद पर खड़ी हो चुकी हैं और पहली महिला सचिव होने का गौरव भी उनको प्राप्त है। आभा का कहना है कि सचिव रहते हुए भी उन्होंने वकीलों के हित में कई काम शुरू किए थे, जो किसी वजह से रुक गए। चुनाव जीतने के बाद इन कामों को पूरा करेंगी। दूसरी तरफ गुरमेल सिंह ने भी वकीलों के हित में काम करने का दावा किया है।
शुरू हुई नुक्कड़ बैठकें, हर तरफ चुनाव की ही चर्चा
बार एसोसिएशन के चुनाव भले ही एक महीने बाद होने हैं, लेकिन उसके लिए नुक्कड़ बैठकें अभी से शुरू हो गई हैं। जिसने भी दावेदारी पेश की है, उसने अलग-अलग जगह पर बैठक का दौर शुरू कर दिया है। शनिवार को भी कई जगह बैठक हुई, जिसमें दावेदारों ने अपने पक्ष में वोट करने के लिए कहा। इस समय पूरे बार चैंबर में सिर्फ चुनाव की ही चर्चा है।
संयुक्त सचिव पद पर भी दो महिलाओं का दावा
बार एसोसिएशन के चुनाव इस बार काफी रोमांचक होंगे। सिर्फ इसलिए नहीं कि पहली बार किसी महिला ने प्रधान पद के लिए दावेदारी की है, बल्कि अन्य पदों पर भी इस बार पिछले सालों की अपेक्षा ज्यादा महिलाएं भागीदारी कर सकती हैं। प्रधान पद के अलावा संयुक्त सचिव के पद पर भी दो महिला वकीलों ने दावा पेश कर दिया है। इसके चलते चुनाव रोमांचक होने की संभावना बढ़ गई है। एडवोकेट रवनीत और एडवोकेट संगीता संयुक्त सचिव पद पर लड़ने के लिए तैयार हो चुकी हैं और उन्होंने भी अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। इसके अलावा सचिव पद के लिए एडवोकेट एसएस संघा और विशाल परुथी ने अपना दावा पेश किया है। जूनियर वाइस प्रधान के लिए अभी तक एडवोकेट नवीत ढल्ल का नाम सामने आ रहा है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें