पंजाब के कपूरथला में बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या, घर में बिखरा पड़ा था सामान
पंजाब के कपूऱथला स्थित गांव शिकारपुर में कुछ लोगों ने रात को बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमले में दंपती की मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया गया है।
जेएनएन, कपूरथला। जिले के गांव शिकारपुर में बुधवार की मध्य रात्रि लुटेरे एक घर में घुस गए। लुटेरों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की नि र्मम तरीके से हत्या कर दी और घर की तलाशी ली। सुबह जब लोगों को घटना का पता चला तो घर में सामान पूरी तरह बिखरा पडा़ था। बुजुर्ग दंपती का शव लहूलुहान अवस्था में बरामदे में पड़ा था।
लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। लुटेरे कौन थे इसके लिए आसपास के सीसीटीवी की फुटेज ली जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल इसे लूट की घटना के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन यह भी आशंका जताई जा रही है कि इन कत्लों के पीछे कोई रंजिश जा पुरानी दुशमनी भी हो सकती है। बहरहाल, दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि 60-62 वर्षीय जरनैल सिंह व उनकी पत्नी जोगिंदर कौर रात को घर में सो रहे थे कि इसी दौरान दीवार फांदकर कुछ लोग घर में दाखिल हो गए। उन्होंने जरनैल सिंह व उसकी पत्नी के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद घर की पूरी तरह तलाशी ली गई है।
मृतक दंपति का बेटा बलविंदर सिंह सुल्तानपुर लोधी में मेडिकल स्टोर चलाता है। गांव वालों को इस घटना का वीरवार सुबह पता चला। उधर, इस घटना की सूचना मिलते ही थाना सुल्तानपुर लोधी डीएसपी सवरण सिंह बल, एसएचओ सर्बजीत सिंह पूरे लाव लशकर समेत घटनास्थल पर पहुंच गए हैंं और जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है।
पुलिस मामले में दंपती के जानकारों से भी पूछताछ कर रही है। यह लूट की घटना है या फिर किसी रंजिश में दंपती की हत्या की गई है इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना के बाद ग्रामीण बुजुर्ग दंपती के घर पर पहुंचे हैं।