विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रात 10.34 बजे जालंधर सहित पंजाब भर में भूकंप के झटके, डरे लोग घरों से निकले बाहर; देखें तस्वीरें

By Pankaj DwivediEdited By:
Published: Fri, 12 Feb 2021 10:50 PM (IST)Updated: Fri, 12 Feb 2021 11:43 PM (IST)

पंजाब के लगभग सभी जिलों में शुक्रवार रात भूकंप से हिल गए। जालंधर लुधियाना अमृतसर सहित पूरे पंजाब में देर ...और पढ़ें

जालंधर में भूकंप के झटके महसूस करने के बाद डर के कारण घरों के बाहर निकले लोग।
जालंधर में भूकंप के झटके महसूस करने के बाद डर के कारण घरों के बाहर निकले लोग।

जालंधर, जेएनएन। पंजाब के कई जिले शुक्रवार रात भूकंप से हिल गए। जालंधर, लुधियाना, अमृतसर सहित पूरे पंजाब में देर रात करीब 10:34 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता अत्यधिक थी। दहशत में रात के वक्त लोग घरों से बाहर निकल आए। किसी अनहोनी की आशंका से सिहर उठे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 बताई जा रही है। फिलहाल और जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक की जानकारी के अनुसार भूकंप के दूसरे झटके का केंद्र अमृतसर के पास था जबकि पहले झटके का केंद्र सेंट्रल एशियन देश ताजिकिस्तान में था। 

पंजाब की राजधानी चंडीगढ़, पठानकोट, गुरदासपुर, बठिंडा, रोपड़, नंगल, तरनतारन, होशियारपुर, लुधियाना, पटियाला, कपूरथला, फरीदकोट, मोहाली, मोगा व अन्य स्थानों से भूकंप के झटके महसूस किए जाने की खबरें मिली हैं। जगह-जगह लोग गलियों में बाहर निकल आए हैं। लोग एक-दूसरे को फोन करके उनका हालचाल पूछ रहे हैं।

अमृतसर में भूकंप आने के बाद घर से बाहर खड़े होकर एक-दूसरे का हाल जानते मोहल्ले के लोग।

कहीं से जान-माल के नुकसान की खबर नहींः मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह

उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने देर रात एक ट्वीट में कहा कि भूकंप के केंद्र अमृतसर सहित पंजाब के किसी भी हिस्से से जान-माल के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है। पंजाब पुलिस और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने राज्य में सबकी सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। 

जालंधर में दो बार महसूस किए गए झटके, दहशत में आए लोग

शुक्रवार रात 10:35 बजे जालंधर के करतारपुर में भूकंप के तेज झटके आने के बाद डरे लोग घरों के बाहर आकर खड़े हो गए। उन्हें भय था कि कहीं और तेज झटके ना आ जाएं। 

जालंधर में शुक्रवार को रात 10:35 बजे रुक-रुक कर दो बार भूकंप के झटके लगे। जिसके चलते शहर के अधिकतर इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। एक के बाद एक लगातार दूसरी बार भूकंप के झटके लगते ही लोगों के अपने सगे संबंधियों को फोन करके इसकी जानकारी देते रहे। 

मोगा में भी दो मिनट के अंतराल पर दो झटके

पंजाब के मोगा में भूकंप के झटके लगने के बाद दहशत में घर से बाहर निकले लोग। 

मोगा में भी सिर्फ 2 मिनट के अंतराल में दो बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। स्थानीय लोगों के अनुसार पहला झटका 10:33 पर दूसरा झटका 10:35 पर महसूस किया गया। एकबार तो लोगों की समझ में नहीं आया। फिर उन्होंने एक-दूसरे को फोन करने शुरू कर दिए। यहां तिलोक, परवाना नगर, जवाहर नगर, बहोना रोड टीचर्स कॉलोनी आदि क्षेत्र में लोग घरों के बाहर आ गए।

लुधियाना के कीर्ति नगर में शुक्रवार रात भूकंप के झटके महसूस किए जाने के बाद घरों से बाहर निकल कर गली में सहमे हुए लोग।