श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अंकुर अरोड़ा परिवार ने दी सहयोग राशि
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर शहर में संपर्क अभियान जारी है। उसमें लोग सहयोग राशि जारी करने के साथ-साथ भविष्य में भी सहयोग देते रहने का विश्वास जता रहे है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर शहर में संपर्क अभियान जारी है। उसमें लोग सहयोग राशि जारी करने के साथ-साथ भविष्य में भी सहयोग देते रहने का विश्वास जता रहे है। आरएसएस के नगर संघ चालक रवि बाली, नगर कार्यवाह विकास शर्मा, राजीव शर्मा व किशन लाल शर्मा ने श्रीराम भक्तों को साथ लेकर कई इलाकों में जाकर संपर्क किया। इससे पहले प्रभु श्री राम की महिमा का गुणगान किया गया। इसके बाद संपर्क अभियान की टीम अंकुर अरोड़ा के पास पहुंची। उन्होंने परिवारिक सदस्यों के साथ मंदिर निर्माण के लिए 11 हजार रुपये की राशि जारी की। उन्होंने संपर्क अभियान चला रही टीम की सराहना की। किशन लाल शर्मा व बोबीन शर्मा ने कहा कि श्री राम मंदिर निर्माण में सहयोग देकर धर्म की पालना की जा रही है। श्रीराम भक्तों में मंदिर निर्माण को लेकर भारी उत्साह है। यहीं कारण है कि इसके लिए अभियान को सात दिन के लिए और बढ़ाया गया है। अब यह अभियान सात मार्च तक चलाया जा रहा है। उन्होंनें बताया कि अभियान के तहत अभी तक पंजाब से 26 करोड़ रुपये एकत्र हो चुके हैं। लोग दिल खोलकर दान दे रहे हैं। इस दौरान सिख संगठनों समेत रेहड़ी व फड़ी वालों ने भी योगदान दिया है। आने वाले दिनों जालंधर के विभिन्न इलाकों में सपंर्क कर अभियान तेज किया जाएगा ताकि लोग इस नेक काम में सहयोग दे सकें। उन्होंने कई मार्केटों में जाकर संपर्क अभियान चलाया। इस मौके पर जयंती प्रसाद, रमन अरोड़ा, सुमन अरोड़ा, शिवाय अरोड़ा व अन्य सदस्य मौजूद थे।