ब्रह्मज्ञान से असंभव को भी संभव कर सकते हैं युवा
बर्ल्टन पार्क में जारी श्रीमद् भागवत कथा के दौरान रविवार शाम को भक्त भाव विभोर हो गए। किसी की आंख में आंसु थे तो कोई गंभीर मुद्रा में कथा के अगले श्लोक सुनने को आतुर था। यह सब भक्त प्रहलाद प्रसंग के दौरान हुआ
जागरण संवाददाता, जालंधर : बर्ल्टन पार्क में जारी श्रीमद् भागवत कथा के दौरान रविवार शाम को भक्त भाव विभोर हो गए। किसी की आंख में आंसु थे तो कोई गंभीर मुद्रा में कथा के अगले श्लोक सुनने को आतुर था। यह सब भक्त प्रहलाद प्रसंग के दौरान हुआ। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की तरफ से करवाई जा रही भागवत कथा के तीसरे दिन संस्थान के संस्थापक आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी वैष्णवी भारती ने इस प्रसंग का भावनात्मक रूप से बखान किया। कथा का आगाज गुरु वंदना के साथ हुआ।
साध्वी जी ने कहा कि प्रहलाद के पिता हिरण्यकशिपु ने उन्हें पहाड़ की चोटी से नीचे फेंका, विषपान करवाया, मस्त हाथी के आगे डाला, लेकिन भक्त प्रहलाद भक्ति मार्ग से विचलित न हुए। उन्होंने कहा कि मुसीबत भक्त के जीवन को निखारने के लिए आती है। जो इंसान अपने भीतर की शक्ति को पहचानता है, वह कभी घबराता नहीं। उन्होंने कहा कि युवा ही समाज में बदलाव लाते है, युवाओं में अद्भुत शक्ति समाहित है। असंभव कार्य को संभव करना युवाओं को ही आता है। जब-जब सामाज का कार्यकल्प करने के लिए नौजवान आगे बढ़ा है, तब तब इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए है। संकट भले सीमाओं का हो या फिर राजनैतिक इसके निवारण के लिए युवा ही आगे है। विडंबना यह है कि मौजूदा परिवेश में युवा पथ से भटक रहे है।
उन्होंने कहा कि विकसित होने का अर्थ अंतरनिहित शक्तियों का जागरण है। जब शक्ति का जागरण होता है तो सर्वप्रथम व्यक्ति इंसान बनता है। श्रीमद् भागवत गीता युवाओं को ब्रह्म ज्ञान प्राप्त करने का आह्वान करती है। इस मौके पर विधायक सुशील ¨रकू, पार्षद विपिन चड्ढा बब्बी, पार्षद जगदीश समराय, डा. प्रवीन बेरी तथा डा. मुकेश गुप्ता मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित हुए। इस मौके पर महंत रजत गिरी (मां बगलामुखी हिमाचल प्रदेश) ने पूजा का शुभारंभ किया। वहीं, नवांशहर से विधायक अंगद सैनी, विधायक सुरिंदर चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री मास्टर मोहन लाल, सतपाल मुल्तानी, डा. बलराज गुप्ता, डॉ. यश शर्मा, शिव दयाल दुग्गल, लवली ग्रुप से नरेश मित्तल व अन्य मौजूद थे।