Move to Jagran APP

भाजपा के संगठनात्मक चुनाव हुए हिंसक, राठौर के करीबी स्पोर्ट्स सेल के प्रधान से मारपीट Jalandhar News

भाजपा के संगठनात्मक चुनाव में विवाद देखने को मिले। गुरु अमरदास नगर में पंजाब भाजपा महासचिव राकेश राठौर के करीबी से मारपीट हुई। गुरु नानकपुरा में चुनाव के दौरान नारेबाजी हुई।

By Sat PaulEdited By: Published: Sat, 07 Dec 2019 09:20 AM (IST)Updated: Sat, 07 Dec 2019 03:19 PM (IST)
भाजपा के संगठनात्मक चुनाव हुए हिंसक, राठौर के करीबी स्पोर्ट्स सेल के प्रधान से मारपीट Jalandhar News
भाजपा के संगठनात्मक चुनाव हुए हिंसक, राठौर के करीबी स्पोर्ट्स सेल के प्रधान से मारपीट Jalandhar News

जालंधर, जेएनएन। भाजपा के संगठनात्मक चुनाव इस बार हिंसक हो गए। मंडल नंबर 1 के चुनाव को लेकर गुरु अमरदास नगर में पंजाब भाजपा महासचिव राकेश राठौर के करीबी से मारपीट हुई। शुक्रवार दोपहर को गुरु नानकपुरा में चुनाव के दौरान नारेबाजी हुई तो शाम को बडिंग़ में चुनावी मीटिंग में शामिल होने आए पंजाब भाजपा के महासचिव एवं जालंधर के चुनाव प्रभारी दयाल सिंह सोढी का घेराव हुआ। वह कार्यकर्ताओं के गुस्से से बड़ी मुश्किल से निकल सके।

loksabha election banner

गुरु अमरदास नगर के गौरी शंकर मंदिर में पंजाब भाजपा के महासचिव राकेश राठौर के करीबी स्पोर्ट्स सेल के जिला प्रधान अमित भाटिया से मारपीट हुई। यह टकराव गुरु अमरदास नगर स्थित गौरी शंकर मंदिर में मंडल नंबर 1 के प्रधान के चुनाव के लिए रखी गई मीटिंग के दौरान हुआ। जिला भाजपा के पूर्व प्रधान नवल किशोर कंबोज और रवि महेंद्रू की राठौर समर्थकों से बहस हुई। अमित भाटिया बहसबाजी की मोबाइल पर वीडियो बना रहे थे जिससे बहसबाजी टकराव में बदल गई। अमित से नवल और महेंद्रू समर्थकों ने मारपीट की। अमित को चांटे मारने के बाद दीवार में मारा और धक्कामुक्की की। मामला बढऩे के बाद मंडल नंबर 1 के चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। यह मामला तब भड़का जब मंडल नंबर 1 के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। नवल कंबोज और रवि महेंद्रू ने चुनाव की सूचना न देने पर नाराजगी जताई। चुनाव के लिए कोरम पूरा न होने की दलील दी। इस पर बहस बढ़ गई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।

जालंधर वेस्ट से मंडल आठ से प्रधान चुने गए अमित लुथरा, नौ से सौरभ सेठ, दस से दविंदर भारद्वाज व रुतेश निहंग का मुंह मीठा करवाते हुए।

चरम पर है जालंधर भाजपा में गुटबंदी

जालंधर भाजपा में गुटबंदी चरम पर है। एक तरफ राकेश राठौर का ग्रुप है तो दूसरी तरफ मनोरंजन कालिया, केडी भंडारी, रमेश शर्मा का ग्रुप है। इस समय संगठन पर राकेश राठौर ग्रुप का कब्जा है। संगठनात्मक चुनाव में भी पार्टी संविधान को ताक पर रख कर प्रधान नियुक्त किए जा रहे हैं जिस कारण टकराव की नौबत आ रही है।

मंडल नंबर 2 का चुनाव भी टला, गुरुनानकपुरा में भी नारेबाजी

भाजपा ऑफिस शीतला मंदिर परिसर में मंडल नंबर 2 के चुनाव में हंगामा हुआ। चुनाव के लिए नियमों का पालन न करने का व निवर्तमान प्रधान को ही दोबारा प्रधान बनाने की कोशिश का आरोप लगा। हंगामा होने पर चुनाव टाल दिया गया। इसी तरह गुरु नानकपुरा में सेंट्रल मंडल चुनाव के दौरान भी चुनाव प्रभारी दयाल सिंह सोढी को विरोध का सामना करना पड़ा। सोढी चुनाव के लिए दिन भर जालंधर में रहे। उनके साथ जिला भाजपा प्रधान रमन पब्बी, भाजयुमो के पंजाब प्रधान सन्नी शर्मा, जिला प्रधान संजीव शर्मा, मनीष विज और अमित भाटिया भी थे।

बडिंग़ में चुनाव प्रभारी का घेराव, भाजपा का कांग्रेसीकरण करने का आरोप

बडिंग़ में मंडल चुनाव के दौरान भी भाजपा नेताओं को विरोध का सामना करना पड़ा। सेंट्रल हलके में आते इस मंडल में नियमों को ताक पर रखने का आरोप लगाते हुए पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के समर्थक अंजू प्रभाकर, शाम शर्मा, राजीव वालिया के नेतृत्व में वर्करों ने चुनाव प्रभारी दयाल सिंह सोढी का घेराव किया। गाड़ी में उस समय रमन पब्बी, सन्नी शर्मा, मनीष विज, अमित भाटिया था। नारेबाजी के बीच करीब 20 मिनट तक घेराव चलता रहा। मंडल चुनाव में राकेश राठौर समर्थकों को तरजीह देने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

जालंधर छावनी के मोहल्ला नंबर चार में चुनावी बैठक के दौरान विरोध जताते हुए भाजपा कार्यकर्ता ।

मारपीट की शिकायत हाइकमान से करूगा : अमित भाटिया

गुरु अमरदास नगर में पार्टी के साथ नेताओं की मारपीट का शिकार हुए भाजपा स्पोट्र्स सेल जालंधर के प्रधान अमित भाटिया ने कहा कि पार्टी के काम में इस तरह का हंगामा ठीक नहीं है। लोगों की सेवा के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे में झगड़े से क्या फायदा। जिन्होंने मारपीट की और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की उनकी शिकायत पार्टी हाईकमान से करूंगा।

चुनाव में नियमों का पालन न करने का आरोप

पार्टी के वरिष्ठ नेता मानते हैं कि नियमों का पालन न करने से ही टकराव की स्थिति पैदा हो रही है। चुनाव से 72 घंटे पहले सूचना जारी करना जरूरी है लेकिन ऐसा नहीं किया गया। अचानक देर रात को चुनाव का शेड्यूल जारी किया गया। प्रधान पद के दावेदार से सक्रिय कार्यकर्ता होने का सुबूत लिया जाता है और दो सक्रिय कार्यकर्ता का समर्थन भी मांगा जाता है लेकिन इन नियमों की अनदेखी की गई। चुनाव के दौरान 70 प्रतिशत बूथ प्रधानों की मौजूदगी जरूरी होती है लेकिन गिनती के बूथ प्रधानों की मौजूदगी में चुनाव करवाए गए।

पूरे विवाद की रिपोर्ट लूंगा : राठौर

पंजाब भाजपा के महासचिव राकेश राठौर ने कहा कि वह दिल्ली थे इसलिए उन्हें विवाद की पूरी जानकारी नहीं है। विवाद को लेकर उन्हें फोन आए थे। इस मामले में जिला भाजपा से पूरी रिपोर्ट लेंगे। यह विवाद क्यों हुआ और इसके कारण क्या थे। ऐसे विवाद नहीं होने चाहिए।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.