डीसी दफ्तर कर्मियों की हड़ताल तीन घंटे में वापस, खाली पड़े रहे रजिस्ट्रारों के दफ्तर
डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन भी हड़ताल पर चली गई। हालांकि करीब तीन घंटे बाद हड़ताल न होने की घोषणा कर दी गई।
जालंधर, जेएनएन। रेवेन्यू अफसरों की हड़ताल में शामिल हुए डीसी दफ्तर के कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को तीन घंटे में ही वापस हो गई। लुधियाना में तहसीलदार पर विजिलेंस द्वारा केस दर्ज करने के बाद रेवेन्यू अफसर एसोसिएशन ने हड़ताल की। इसके समर्थन में सुबह अचानक डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन भी हड़ताल पर चली गई। हालांकि करीब तीन घंटे बाद हड़ताल न होने की घोषणा कर दी गई।
डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान तेजिंदर सिंह ने कहा कि सुबह हड़ताल का समर्थन किया गया था लेकिन बाद में पता चला कि रेवेन्यू अफसर एसोसिएशन को बैठक का समय मिल गया है। इस वजह से हमने हड़ताल नहीं की। उन्होंने कहा कि रेवेन्यू अफसरों का मुद्दा भी सुलझ गया है। उनकी हड़ताल भी खत्म हो गई है।
ठप रही रजिस्ट्री
रेवेन्यू अफसर एसोसिएशन की हड़ताल की वजह से मंगलवार को कोई रजिस्ट्री नहीं हुई। जिले के सब रजिस्ट्रारों के दफ्तर खाली पड़े रहे। हालांकि लोग वहां रजिस्ट्री कराने के लिए पहुंचे लेकिन दिन भर इंतजार करते रहे। सुबह के वक्त वहां पर क्लेरिकल स्टाफ भी मौजूद नहीं था। इस वजह से लोगों को पर्याप्त सूचना भी नहीं दी गई।
---------------------
पन्नू विहार में सीवरेज ओवरफ्लो, धरने की चेतावनी
बस्ती पीर दाद रोड स्थित कॉलोनी पन्नू विहार में सीवरेज ओवरफ्लो से इलाके के लोग परेशान हैं। बस्ती पीरदाद ट्रीटमेंट प्लांट के पास कॉलोनी होने के कारण यहां अक्सर ही सीवरेज ओवरफ्लो रहता है। इलाके के लोगों का कहना है कि सड़कों पर सीवरेज का पानी जमा है और जब सीवरेज बैक मारता है तो पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। लोगों ने कहा कि दुकानों के आगे गंदा पानी जमा रहने से काम भी प्रभावित हो रहा है। भाजपा नेता अनूप सरीन ने कहा की वार्ड पार्षद अनीता अंगुराल को काई बार समस्या के बारे में बताया गया है, लेकिन हल नहीं निकल रहा। लोगों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि उनकी समस्या का हल नहीं निकाला तो वे मेयर ऑफिस पर धरना देंगे।