सिविल सर्जन ने डेंगू की रोकथाम को लेकर दिए आदेश
सिविल सर्जन डा. रमन शर्मा ने सोमवार को जिले के समूह हेल्थ सुपरवाइजरों के साथ मीटिंग की।
जागरण संवाददाता, जालंधर : सिविल सर्जन डा. रमन शर्मा ने सोमवार को जिले के समूह हेल्थ सुपरवाइजरों के साथ मीटिंग की। इसमें लोगों को डेंगू से बचाव प्रति जागरूक करने के आदेश दिए। यहां एपीडिमोलाजिस्ट डा. शोभना बांसल, एएमओ कुलवंत सिंह टांडी, डिप्टी एमईआइ तरसेम लाल व जिले के समूह हेल्थ सुपरवाइजर मौजूद थे।
सिविल सर्जन डा. रमन शर्मा ने डेंगू की रोकथाम को लेकर किए जा रहे प्रबंधों के बारे में जानकारी हासिल की। सेहत स्टाफ को समय पर हाजिरी यकीनी बनाने व फील्ड विजिट को यकीनी बनाने की बात की। एंटी डेंगू माह मनाने संबंधी हिदायत देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। गांवों में सरपंचों, म्यूनिसिपिल कमेटियों व म्यूनिसिपिल कारपोरेशन के प्रतिनिधियों से तालमेल कर डेंगू रोकथाम संबंधी प्रयास किए जाएं। डेंगू संबंधी जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से धार्मिक स्थानों पर एनाउंसमेंट भी करवाई जाए। डा. शोभना बांसल ने कहा कि सचेत रहकर हम डेंगू बुखार होने के खतरे से बच सकते हैं। हमें कूलरों में पानी सप्ताह में एक बार जरूर बदलना चाहिए। छत पर रखी पानी की टंकियों के ढक्कनों को बंद करके रखा जाए व फालतू समान व टायरों आदि में पानी जमा न होने दें।