गांव कबूलपुर निवासियों के व्हाट्सएप ग्रुप में डाली अश्लील फिल्में, दो के खिलाफ मामला दर्ज
गांव के रहने वाले दिलीप कुमार लांबा और अफरोज मियां ने चार अश्लील फिल्में ग्रुप में डाल दी। इस वजह से पूरे गांव का माहौल खराब हो गया। आरोप है कि यह फिल्में ग्रुप में जानबूझ कर डाली गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जालंधर, जेएनएन। गांव कबूलपुर के निवासियों ने अपना एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया। उस ग्रुप में दो लोगों ने अश्लील फिल्में डाल दी। इलाका निवासियों ने थाना मकसूदा की पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद गांव के ही रहने वाले दिलीप कुमार और अफरोज मियां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव के रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि गांव के लोगों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसका नाम ग्रुप कबूलपुर इस्ट ब्लॉक रखा। इस ग्रुप के एडमिन पूर्व सरपंच रमेश कुमार और प्रिंस हैं। ग्रुप में गांव के करीब हर घर का कोई न कोई पुरुष या महिला शामिल है। गांव से विदेशों में जाकर रहने वाले कुछ लोग भी इस ग्रुप में शामिल किए गए थे। बीते दिनों गांव के रहने वाले दिलीप कुमार लांबा और अफरोज मियां ने चार अश्लील फिल्में ग्रुप में डाल दी। इस वजह से पूरे गांव का माहौल खराब हो गया।
आरोप था कि यह फिल्में ग्रुप में जानबूझ कर डाली गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना मकसूदां के इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने कहा कि मामले के दोनों आरोपितों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।