Jalandhar News : महिला नेत्री से की अश्लील टिप्पणी, तीन आप नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज
कपूरथला में आप महिला नेत्री से अश्लील टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। महिला ने जालंधर में पार्टी के ही तीन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
संवाद सहयोगी, जालंधर। कपूरथला में आम आदमी पार्टी की महिला नेता के लिए इंटरनेट मीडिया पर अभद्र और अश्लील भाषा का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। उनको जान से मारने की धमकी भी दी गई है। यह धमकी व गलत शब्दावली बोलने का आरोप आप के ही जालंधर के तीन नेताओं पर लगा है। थाना पांच में इन तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। तीनों की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई। एडीसीपी आदित्य ने बताया कि शिकायत में महिला नेता ने कहा था कि उक्त लोगों ने उसके खिलाफ टिप्पणी की और जान से मारने की धमकी दी। जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
पहले भी विवादों में रही है आप नेता
जिस आप नेता ने मामला दर्ज करवाया है, वो पहले भी विवादों में घिरी रही है। आप की सरकार बनते ही कपूरथला में पुलिस को धमकाने के बाद वीडियो वायरल होने के बाद वह चर्चा में आई थी। इसके बाद जालंधर पुलिस को कपूरथला में धमकाने की वीडियो भी वायरल हुई थी।
यह भी पढ़ें- निगम चुनाव को लेकर महिला कांग्रेस ने कसी कमर
जालंधर। निगम चुनाव को लेकर महिला कांग्रेस ने कमर कस ली है। पार्टी को ब्लाक स्तर पर मजबूत करने के लिए कमेटियां बनाए जाने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान महिला कांग्रेस की शहरी अध्यक्ष कंचन ठाकुर ने कहा कि इतने कम समय में आम आदमी पार्टी की विफलता दिखाई देने लगी है। खाद्य पदार्थों पर महंगाई और राज्य में तेजी से बढ़ रहे गैंगस्टरों व अपराध से जनता त्रस्त है। कंचन ठाकुर ने दावा किया कि इस बार नगर निगम चुनाव में फिर से कांग्रेस के उम्मीदवार जीत का परचम लहराएंगे। उन्होंने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों में भी देरी के लिए पंजाब सरकार जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ब्लाकों में नई नियुक्तियां भी की। इस मौके पर उनके साथ रणजीत कौर, नीलम गोगी, पल्लवी, परमिंदर कौर, रमा रानी, नीलम रानी व सुमन भल्ला सहित सदस्य मौजूद थीं।