अमन अरोड़ा ने कैप्टन पर साधा निशाना, कहा-वादे पूरे किए होते तो धमकी की जरूरत नहीं पड़ती
आम आदमी पार्टी (आप) की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन अमन अरोड़ा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस्तीफे की मांग की है।
जेएनएन, जालंधर। आम आदमी पार्टी (आप) की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन अमन अरोड़ा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अगर उन्होंने 2017 विधानसभा चुनाव में लोगों से किए वादे निभाए होते तो उन्हें अपने ही विधायकों एवं मंत्रियों को लोकसभा चुनाव में उम्दा प्रदर्शन करने की धमकी न देनी पड़ती। आप प्रत्याशी पूर्व जस्टिस जोरा सिंह का नामांकन दाखिल करवाने के बाद मीडिया से मुखातिब अमन अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बुरी तरह से फ्लॉप हुई है और हाथ में गुटका साहिब पकड़ कर कुछ दिनों में नशा खत्म कर देने का दावा कर देने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह को विधायकों व मंत्रियों की धमकी देने की बजाय खुद अपने पद इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हैरानी है कि जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह ने जिस गन्ना पिंड को अपना रखा है, उसी में ही बीते दो सप्ताह में तीन मौतें नशे के सेवन की वजह से हुई हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में केजरीवाल सरकार के काम और पंजाब के मसलों को लेकर जनता के बीच जा रही है। बेरोजगारी, नशा एवं खुदकुशी कर रहे किसानों का मुद्दा पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी से अलग हुए सुखपाल सिंह खैहरा की तरफ से आप पर की जा रही बयानबाजी को लेकर अमन अरोड़ा ने कहा कि खैहरा के बारे में कुछ भी डिस्कस करना समय की बर्बादी है। वैसे सुखपाल खैहरा मौकापरस्त हैं जो निजी स्वार्थ के चलते पहले कांग्रेस और फिर आप में जा पहुंचे। उन्होंने कहा कि आप ने उन्हें पंजाब विधानसभा में चीफ व्हिप एवं नेता प्रतिपक्ष भी बनाया। लेकिन निजी स्वार्थ के चलते ही उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया।
भाजपा की तरफ से केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला की टिकट कटने एवं पंजाब में सनी देयोल जैसे सिने अभिनेताओं को टिकट देने के मसले पर अमन अरोड़ा ने कहा कि नि:संदेह भाजपा ने स्थानीय लीडरशिप की बलि दी है। अगर विजय सांपला इसे गौ हत्या बताते हैं तो इसमें कोई शक भी नहीं है। मीडिया की तरफ से यह पूछे जाने पर कि क्या वह विजय सांपला को गौ सामान मानते हैं तो उन्होंने कहा कि यह तो विजय सांपला ही बता सकते हैं वे क्या हैं, लेकिन यह बात तय है कि भाजपा ने एक शरीफ बंदे की बलि ली है।
फतेहगढ़ साहिब सीट की टिकट बीएस चोंदा से वापिस लेकर शमशेर सिंह दूलो की पत्नी को दिए जाने के बाद वहां हो रहे विरोध बारे अमन अरोड़ा ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। चोंदा ने खुद ही बीबी दूलो को टिकट देने की सहमति जताई थी और यह जरूर है कि टिकट में बदलाव होने से प्रचार मुहिम को दोबारा खड़े करने में थोड़ा वक्त लगेगा। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति का धर्म होना चाहिए। अमन अरोड़ा ने कहा कि किसानों की सच्ची हितैषी भी आम आदमी पार्टी ही है। दिल्ली सरकार ने स्वामिनाथन कमेटी की रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करने का दम दिखाया है। यही वजह है कि इस बार पंजाब में फसल 1825 रुपये प्रति क्विंटल और दिल्ली में 2650 रुपये प्रति क्विंटल के मूल्य पर बिकेगी।