धर्मसोत को क्लीन चिट के विरोध में भाजपा एससी मोर्चा का 10 को चक्का जाम करेगा
धर्मसोत को क्लीन चिट के विरोध में भाजपा एससी मोर्चा चक्का जाम करेगा।
जागरण संवाददाता, जालंधर : पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप घोटाले में कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को क्लीन चिट के विरोध में भाजपा एससी मोर्चा ने 10 अक्टूबर को संत समाज के साथ राज्य के हर शहर में चक्का जाम की घोषणा की है। भाजपा एससी मोर्चा के पंजाब प्रधान राजकुमार अटवाल ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के ही एक मंत्री ने अनुसूचित जाति वर्ग के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि साधु सिंह धर्मसोत अगर सही में अनुसूचित जाति वर्ग से हैं तो उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाजपा एससी मोर्चा के पंजाब प्रधान राजकुमार अटवाल ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप में 64 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर संत समाज भी दुखी है। संत समाज हमेशा से ही अनुसूचित जाति वर्ग के हित में रहा है और अब भी 10 अक्टूबर के चक्का जाम में पूरा डटकर साथ देगा। 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से लेकर शाम चार बजे तक अलग-अलग इलाकों में ट्रैफिक जाम किया जाएगा। पंजाब प्रधान ने कहा कि इसके लिए कोई भी लोकेशन तय नहीं की गई है यह सभी मौके पर ही होगा। अनुसूचित जाति वर्ग का संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक साधु सिंह धर्मसोत को गिरफ्तार नहीं किया जाता या जब तक सीबीआइ की सिफारिश नहीं की जाती। प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा एससी मोर्चा के पंजाब प्रधान राजकुमार अटवाल, जिला प्रधान भूपिदर कुमार, रणबीर, सोनू हंस, महिदर भगत, अश्विनी अटवाल, मदन लाल, अजमेर सिंह बादल, सुनील मोंटू मौजूद रहे।