जालंधर में बाइक सवार लुटेरों का आतंक, माडल टाउन मार्केट में महिला से पर्स छीन एक्टिवा पर लात मारकर गिराया
जालंधर में बैखौफ लुटेरे वारदातों को अंजाम देने के साथ लोगों को घायल भी करने लगे हैं। माडल टाउन मार्केट में लुटेरों ने महिला से पर्स छीन उसे लात मारकर गिरा भी दिया। वहीं महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जालंधर [हर्ष कुमार]। महानगर में लुटेरों का आतंक बढ़ता जा रहा है और बैखौफ लुटेरे वारदातों को अंजाम देने के साथ लोगों को घायल भी करने लगे हैं। माडल हाउस मार्केट से सामान खरीद पर घर वापस जा रही एक्टिवा सवार दो औरतों से अज्ञात लुटेरों ने पहले पर्स छीना और फिर एक्टिवा को लात मार नीचे गिरा दिया। नीचे गिरने से बस्ती गुजां निवासी प्रशंसा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए लोगों ने अस्पताल पहुंचा कर उसके परिवार को सूचित किया।
अस्पताल में दाखिल प्रशंसा के पति विशाल ने बताया कि उसकी मेन बाजार बस्ती गुजां में सुनार की दुकान है। उसकी पत्नी प्रशंसा दोपहर को घर से सामान खरीदने के लिए अपनी सहेली नेहा के साथ बाजार गई थी। वहां पर बाइक सवार युवकों ने उसका पर्स छीना और उन दोनों को बाइक से गिरा दिया। उनको वहां से किसी राहगीर ने उनकी पत्नी से फोन से बात कर बताया कि उनकी पत्नी बत्रा हास्पिटल में दाखिल है। अस्पताल पहुंच कर देखा तो प्रशंसा के सिर से काफी खून बह गया था और डाक्टर इलाज कर रहे थे।
सिर पर चोट लगने के कारण प्रशंसा की हालत गंभीर
प्रशंसा के पति विशाल ने बताया कि सिर पर चोट लगने के कारण खून ज्यादा बह गया था जिस कारण सिर पर 25 टांके लगे और उसके सिर पर सूजन आ गयी है। डाक्टरों ने सिटी स्कैन कराने के लिए कहा है। सिटी स्कैन की रिपोर्ट आने के बाद उसकी हालत के बारे में पता चलेगा। अभी तक तो प्रशंसा की हालत गंभीर बनी हुई है, जिस कारण वह बोल भी नहीं पा रही है।
लुटेरों का बाइक नंबर नोट नहीं कर पाई प्रशंसा और नेहा
प्रशंसा की सहेली नेहा ने बताया कि लुटेरों के हमले में वह और उसकी सहेली संभल नहीं पाईं और गिर गईं। उक्त लुटेरों ने पर्स छीना और फरार हो गए। नीचे गिरने के बाद वह दोनों अपनी सुध बुध खो बैठी। इसी कारण वह बाइक सवार लुटेरों का नंबर नोट नहीं कर पाईं।
घायल महिला का पति विशाल शिकायत देकर गया है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज चेक की जा रही है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपितों की पहचान करवा कर उनको गिरफ्तार किया जाएगा।
परमिंदर सिंह, थाना पांच के प्रभारी।