भागवत कथा में श्री कृष्ण लीलाओं का बखान
प्राचीन शिव मंदिर, हरगो¨बद नगर धोगड़ी रोड में जारी श्रीमद्भागवत कथा के दौरान बुधवार को भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का बखान किया गया।
जागरण संवाददाता, जालंधर : प्राचीन शिव मंदिर, हरगो¨बद नगर धोगड़ी रोड में जारी श्रीमद्भागवत कथा के दौरान बुधवार को भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का बखान किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय संत आचार्य पंडित दीन दयाल शास्त्री महाराज ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने कंस को मारकर पृथ्वी पर नकारात्मक शक्तियों का हनन करने को प्रेरित किया था। कथा का आगाज उन्होंने श्री गुरु वंदना के साथ किया।
इसके उपरांत उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की सभी लीलाएं इंसान को जीवन की वास्तविकता से रूबरू करवाती हैं। साथ ही भगवान ने अपनी लीलाओं के माध्यम से इंसान को इंसानियत के धर्म की पालना करने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हजारों गाय पालने वाले भगवान श्री कृष्ण ने गाय को चराकर गोरक्षा की प्रेरणा दी थी। इसके उपरांत उन्होंने 'मैं कृष्ण की दीवानी मेरे कृष्ण ही है पालनहार' तथा 'मुझे श्याम सुंदर की दुल्हन बना दो' सहित कई मनमोहक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे। मौके पर कमेटी की तरफ से पंडित दीन दयाल शास्त्री को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मधु शर्मा, संतोष रानी शर्मा, पंडित निरंजन पांडे, पंडित कमलेश्वर, स्वामी शांतानंद, अर्जुन तिवारी, प्रेम मिश्रा, सूरज, गोपी, अंश, धीरज व अन्य मौजूद थे।