एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: जालंधर का सुरजीत स्टेडियम तैयार, 27 से 6 देशों का महासंग्राम; भारत-बांग्लादेश के बीच पहला मैच
पंजाब में पहली बार होने जा रही एशियन हॉकी चैंपियनशिप के लिए जालंधर और मोहाली में तैयारियां पूरी हो गई हैं। सुरजीत हॉकी स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार है।
-1792268732559_m.webp)
जालंधर का सुरजीत स्टेडियम। फाइल फोटो
HighLights
सुरजीत स्टेडियम एशियन हॉकी चैंपियनशिप के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक पर तैयार।
27 अक्टूबर से छह देश जालंधर में लीग मैच खेलेंगे।
नई फ्लड लाइटें और ऑटोमेटिक स्प्रिंकलर सिस्टम स्थापित किए गए।
कमल किशोर, जालंधर। पंजाब में पहली बार होने जा रही एशियन हाकी चैंपियनशिप के लिए जालंधर और मोहाली में तैयारियां पूरी हो गई हैं। सात हजार दर्शकों की क्षमता वाला ओलिंपियन सुरजीत हाकी स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिसे अंतरराष्ट्रीय मानक अनुरूप तैयार किया गया है। भारत समेत छह हाकी टीमें चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी।
इनमें भारत, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन व जापान की टीम शामिल है। 20 अक्टूबर से पहले सभी टीमें स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंच जाएंगी। वहीं, स्टेडियम में नई फ्लड लाइटें, तकनीकी कमरा, 28 हास्टल कमरे, स्प्रिंकल सिस्टम, खिलाड़ियों के चेंजिंग कमरे, अलग हाकी मैदान, स्टेज, वीआइपी लाउंज और मेडिकल कमरा तैयार हैं।
27 अक्टूबर से दो नवंबर तक लीग मैच सुरजीत हाकी स्टेडियम जालंधर में खेले जाएंगे। भारत का पहला मुकाबला 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के साथ होगा। बताया जा रहा है कि चैंपियनशिप को लेकर भारतीय हाकी टीम का कैंप सुरजीत हाकी स्टेडियम में लगने जा रहा है।
1500 लक्स लेवल की फ्लड लाइटें लगाईं
अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट और टीवी प्रसारण के लिए मैदान पर 1,500 से अधिक लक्स की रोशनी देने वाली फ्लड लाइटें लगाई गई हैं। पहले यहां 800 लक्स वाली लाइटें थीं, जिनका इस्तेमाल घरेलू टूर्नामेंट में होता था। अब स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट शुरू होने के कारण अंतरराष्ट्रीय मानक अनुरूप लाइटें लगाई है।
वहीं, स्टेडियम में आटोमेटिक स्प्रिंकल सिस्टम भी लगाया गया है। बटन दबाते ही यह शुरू हो जाएगा और 10 से 15 मिनट में टर्फ को पूरी तरह गीला कर देगा।
लीग मैच खेलने के बाद मोहाली पहुंचेंगी टीमें
ओलिंपियन सुरजीत हाकी स्टेडियम जालंधर में लीग मैचों के बाद टीमें मोहाली के ओलिंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचेंगी। वहां चार और पांच नवंबर को सेमीफाइनल तथा फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। भारत वर्ष 2011, 2016, 2018 (संयुक्त विजेता), 2023 और 2024 में एशियन ट्राफी जीत चुका है। लीग चरण में छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी।
चैंपियनशिप के लिए सुरजीत हाकी स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। यहां करीब सात हजार दर्शक बैठ सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय मानक की फ्लड लाइटों और स्प्रिंकल सिस्टम की व्यवस्था की गई है। स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानक के अनुसार तैयार किया गया है। यहां ओलिंपियन सुरजीत सिंह का बुत भी स्थापित किया गया है।
- नितिन कोहली, हॉकी इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट और हॉकी पंजाब के प्रधान
