शो होस्ट अर्चना पूर्ण सिंह और शेखर सुमन ने दी गवाही, पंजाब में तीन करोड़ के घोटाले के मामले में हुई सुनवाई
2011 में खटकड़ कलां में शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्म शताब्दी पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी में अर्चना पूर्ण सिंह शेखर सुमन उदित नारायण सहित कई कलाकारों को बुलाया गया था। आईएएस स्वर्ण सिंह पर आरोप लगे थे कि उन्होंने दुरुपयोग कर सरकारी फंड का गलत इस्तेमाल किया।
संवाद सहयोगी, जालंधर। खटकड़ कलां में शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्म शताब्दी कार्यक्रम में करीब सवा तीन करोड़ रुपये के हुए एंटरटेनमेंट घोटाले में बुधवार को मशहूर अदाकारा अर्चना पूर्ण सिंह और शेखर सुमन ने बतौर गवाह सेशन जज रुपिंदरजीत चहल की अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गवाही दी। इसी मामले में कुछ दिन पहले पार्श्व गायक उदित नारायण ने भी पेश होकर अपने बयान दर्ज करवाए थे।
अर्चना पूर्ण सिंह व शेखर सुमन ने बयानों में कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने परफार्मेंस दी थी। अर्चणा पूर्ण सिंह ने इस मामले में डेढ़ लाख व शेखर सुमन ने ढाई लाख लेने की बात कहीं। साथ ही कहा कि ये पैसे सरकारी रिकार्ड में दिखाए गए हैं और उतने ही उन्हें मिले हैं। इस मामले में अगली तारीख 15 जुलाई पड़ी है।
एडवोकेट अंकुर बंसल ने बताया कि समारोह में आईएएस अधिकारी स्वर्ण सिंह जो विभाग के तत्कालीन प्रमुख एवं जालंधर मंडल के तत्कालीन कमिश्नर रहे थे, पर आरोप था कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर सरकारी फंड का गलत इस्तेमाल किया। कार्यक्रम में करीब सवा तीन करोड़ रुपये की हेराफेरी होने का आरोप लगा था। इस मामले में विजिलेंस के साथ-साथ ईडी ने भी केस दर्ज किया हुआ है। आरोप था कि आईएएस अधिकारी स्वर्ण सिंह ने समागम में कलाकारों को बुलाया और रकम कम देकर कागजों में अधिक दिखा दी थी।
आरोपित पक्ष के वकील ने पूछे दो सवाल
इस मामले में डा. स्वर्ण सिंह के वकील दर्शन दयाल ने बताया कि उन्होंने अर्चना पूर्ण सिंह व शेखर सुमन से दो सवाल किए। पहला उन्होंने दोनों से डा. स्वर्ण सिंह को जानने का किया जबकि दूसरा था कि क्या उनकी डा. स्वर्ण सिंह से बात हुई। दोनों ने दोनों सवालों का जवाब इंकार में किया।
यह है मामला
2011 में खटकड़ कलां में शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्म शताब्दी पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शेखर सुमन, अर्चना पूर्ण सिंह, उदित नारायण, साधना सरगरम, हंसराज हंस, पम्मी बाई, प्रेम चोपड़ा, उत्तम सिंह कई पालीवुड व बालीवुड कलाकार आए थे। पंजाब आर्ट एंड कल्चर विभाग ने यह कार्यक्रम करोड़ों की लागत से करवाया था।