कुमाऊं विकास मंडल के वार्षिक समारोह में बिखरी सांस्कृतिक छटा
उत्तराखंड की सांस्कृतिक छटा बिखेरते हुए वार्षिक समारोह कराया।
जागरण संवाददाता, जालंधर : कुमाऊं विकास मंडल ने रविवार को मान सिंह नगर में उत्तराखंड की सांस्कृतिक छटा बिखेरते हुए वार्षिक समारोह कराया। जिसमें उत्तराखंड से आए कलाकारों ने बुजुर्गों को उनके बीते दिन याद करा दिए तो युवा पीढ़ी को पहाड़ की संस्कृति के बारे में अनमोल ज्ञान दिया। उत्तराखंडी सांस्कृतिक रंगमंच व कुमाऊंनी कौतिक के नाम से कराए वार्षिक समारोह में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
समारोह की शुरूआत भगवान सत्यनारायण जी की पूजा से कराई गई। पूजा पंडित हरीश पांडे ने की। जिसमें मुख्य यजमान कुंवर सिंह रावत व उनकी पत्नी थे। इसके बाद बाल ज्ञान प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें उत्तराखंड की संस्कृति से संबंधित प्रश्नोत्तर कराए गए। इसमें पहले स्थान पर सोनिया, दूसरे पर दीपाली व तीसरे स्थान पर विनीता रहीं। उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने ज्योति प्रज्ज्वलित करके की। कालिया ने समारोह की सराहना करते हुए कहा कि संस्कृति के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी देने के लिए कुमाऊं विकास मंडल की यह कोशिश बहुत सराहनीय है। कार्यक्रम में कांग्रेसी विधायक राजिदर बेरी भी पहुंचे। उन्होंने कुमाऊं विकास मंडल के लोगों को एकजुट करने की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर साल इस समारोह में उन्हें लोगों की संख्या ज्यादा ही मिलती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग ईमानदार होने के साथ अपना काम भी पूरी ईमानदारी से करते हैं। पंजाब के विकास में उनका बहुत बड़ा योगदान हैं। उन्होंने मंडल को दो लाख रुपये की ग्रांट देने की भी घोषणा की। इस मौके निदेशक विपिन देव की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। जिसमें महेश कुमार, पुष्कर नकोटी, मेघना चंद्रा, कविता देव, आशा कुमारी ने अपनी गायकी से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हास्य कलाकार पन्नू गुसाईं ने भी लोगों को हंसा-हंसाकर लोट-पोट किया।
अंत में प्रधान दुर्गा सिंह बिष्ट ने उपस्थित लोगों व मेहमानों का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उन्हें इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने कुमाऊंनी लोगों से अपनी संस्कृति व भाषा को प्रफुल्लित करने का आह्वान किया। इस मौके कुमाऊं विकास मंडल की समूची कार्यकारणी के साथ जालंधर व आसपास के क्षेत्रों में रहते कुमाऊंनी परिवार उपस्थित रहे।