अकाली दल का सरपंच अफीम सहित गिरफ्तार, झारखंड से लाकर पंजाब में करता था सप्लाई
सीआइए स्टाफ देहात के इंचार्ज ने दो किलो अफीम के साथ अकाली दल के सरपंच को गिरफ्तार किया है। आरोपित की कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
जेएनएन, जालंधर। सीआइए स्टाफ देहाती के इंचार्ज शिव कुमार ने दो किलो अफीम के साथ अकाली दल के सरपंच बादशाहपुर निवासी जसपाल सिंह उर्फ पाल को गिरफ्तार किया है ।जसपाल अपनी क्रेटा कार में झारखंड से अफीम लाकर दिल्ली में जाने के लिए निकला था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के साथ-साथ अफीम और कार भी कब्जे में ले ली।
सीआईए प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि उनके पास गुप्त सूचना आई थी के क्रेटा कार में एक व्यक्ति अफीम की सप्लाई लेकर आ रहा है। वंडरलैंड, नकोदर रोड पर नाकाबंदी कर शक के आधार पर एक क्रेटा कार को रोका। तलाशी लेने पर दो किलो अफीम बरामद हुई। कार सवार बादशाहपुर के सरपंच जसपाल ने बताया कि वह पिछले कई सालों से अपना काम कर रहा है। वह झारखंड के अजहर मियां नाम के व्यक्ति से अफीम लाता था। पंजाब और दिल्ली में अफीम सप्लाई करता था। सीआइए प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि जसपाल को रिमांड पर लेकर सप्लाई देने और लेने वालों के बारे में पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा यह भी पता लगाया जाएगा उसने अभी तक पंजाब और दिल्ली मेंं कितनी अफीम सप्लाई की है।