भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस नेता मेजर सिंह को मिला अकाली नेताओं और सोसाइटियों का साथ
अकाली दल नेता और पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया भाटिया ने कहा कि मेजर सिंह ने निगम में अवैध कालोनियों और कामर्शियल दुकानों व अन्य कार्यों के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए जो कदम उठाया है वह काबिल-ए-तारीफ है।
जालंधर, जेएनएन। आरटीआइ एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह से विवाद में पंजाब खादी बोर्ड के डायरेक्टर और कांग्रेस नेता मेजर सिंह को अकाली नेताओं ने भी समर्थन दिया है। पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं अकाली दल के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलजीत सिंह भाटिया, अकाली नेता गुरदेव सिंह गोल्डी, पूर्व पार्षद मनजीत सिंह टीटू और सामाजिक संस्था 'आखिरी उम्मीद' ने भ्रष्टाचार की लड़ाई में मेजर सिंह का साथ देने की घोषणा की है।
इन नेताओं ने मेजर सिंह से मुलाकात की और कहा कि पार्टीबाजी से ऊपर उठकर भ्रष्टाचार की लड़ाई में सभी को उनका साथ देना चाहिए। यह लड़ाई सिर्फ मेजर सिंह की नहीं है बल्कि सारे शहर की होनी चाहिए। सांसद, हर विधायक, पार्षद और अन्य लोगों को इस लड़ाई में मेजर सिंह का साथ देकर उनके हाथों को मजबूत करना चाहिए। भाटिया ने कहा कि पार्टी कोई भी हो भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों के साथ वह हमेशा खड़े हैं। मेजर सिंह ने निगम में अवैध कालोनियों और कामर्शियल दुकानों व अन्य कामों के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार को नकेल कसने के लिए जो कदम उठाया है वह काबिल-ए-तारीफ है।
आखिरी उम्मीद एनजीओ व सोसायटी के पदाधिकारियों परमप्रीत सिंह बिट्टी व कुलविंदर सिंह हीरा समेत अन्य सदस्यों ने भी कहा कि मेजर सिंह ने जो लड़ाई छेड़ी है, वह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग झूठी शिकायतें डालकर ब्लैकमेल करने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर नकेल कसनी जरूरी है। सरकार को तुरंत इस मामले में कड़े कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां भी मेजर ¨सह को उनकी जरूरत होगी वह कंधे से कंधा मिलकर खड़े होंगे।