आज सुबह 9.10 बजे उड़ेगी फ्लाइट, वेब चेकइन अनिवार्य
तीन दिन के अंतराल के बाद शनिवार को आदमपुर दिल्ली फ्लाइट का संचालन होगा।
जागरण संवाददाता जालंधर : आदमपुर दिल्ली फ्लाइट का शनिवार को तीन दिन के अंतराल के बाद होगा। फ्लाइट सुबह 9:10 पर आदमपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी। खास यह है कि इस फ्लाइट में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए वेब चेकइन करना जरूरी होगा। कोरोना वायरस से बचाव के लिए नागर विमानन मंत्रालय से प्राप्त दिशा निर्देशों के मुताबिक सिविल एयरपोर्ट आदमपुर पर मैनुअल चेक इन बंद किया गया है। ऐसे में बोर्डिंग पास पर भी मुहर नहीं लगाई जा रही है।
स्पाइसजेट से मिली जानकारी मुताबिक पहले विमान दिल्ली से सुबह 7:30 बजे आदमपुर के लिए रवाना होगा और 8:45 बजे आदमपुर में लैंड करेगा। बीते मंगलवार को ही लगभग सवा दो महीने के अंतराल के बाद आदमपुर-दिल्ली सेक्टर में स्पाइसजेट की तरफ से फ्लाइट का संचालन शुरू किया गया था, लेकिन एक दिन फ्लाइट के संचालन के बाद ही लगातार तीन दिन तक इसका संचालन नहीं हो पाया था। मंगलवार को भी फ्लाइट में मात्र 18 यात्रियों ने ही सफर किया था।
क्या होता है वेब चेक-इन
वेब चेक-इन में यात्रियों को एयरलाइन कंपनियों की वेबसाइट पर सीट लेने की सुविधा मिलती है। इससे यात्री एयरपोर्ट पर लंबी लाइन में लगने से बच जाते हैं। इस सुविधा में यात्रियों को केवल बोìडग पास का प्रिंट मशीन से लेना होता है। वेब चेकइन से एयरपोर्ट पर लंबी लाइन लगना कम हो गया है।