धूप खिलने के बाद भी आदमपुर-दिल्ली फ्लाइट चार घंटे लेट, भोपाल में देरी पड़ रही भारी
आदमपुर और दिल्ली के बीच इकलौती फ्लाइट के लेट होने का सिलसिला जारी है। वीरवार को इसके चार घंटे लेट होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
जालंधर, जेएनएन। बीते दो दिन से अपेक्षाकृत मौसम कुछ साफ होने के बाद भी वीरवार को आदमपुर-दिल्ली फ्लाइट का संचालन चार घंटे की देरी से संभव हो सका। वीरवार को आदमपुर-दिल्ली सेक्टर के मध्य उड़ान भरने वाली स्पाइसजेट की इकलौती फ्लाइट सुबह 11:40 की बजाए बाद दोपहर 3:45 पर दिल्ली के लिए उड़ान भर सकी।
इससे पहले यह फ्लाइट दिल्ली से भी लगभग 4 घंटे 12 मिनट की देरी से आदमपुर के लिए रवाना हुई थी। फ्लाइट का दिल्ली से आदमपुर के लिए उड़ान भरने का समय सुबह 10:05 निर्धारित है, लेकिन फ्लाइट बाद दोपहर 2:17 पर आदमपुर के लिए रवाना हुई। फ्लाइट के संचालन में हुई चार घंटे की देरी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट भी दिल्ली से मिस हुई और कुछ यात्री आदमपुर दिल्ली फ्लाइट में यात्रा भी नहीं कर सके।
भोपाल दिल्ली सेक्टर में संचालित होने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट में होने वाली देरी से ही आदमपुर दिल्ली फ्लाइट बुरी तरह से बीते लंबे अरसे से प्रभावित हो रही है। स्पाइसजेट एयरलाइन की तरफ से एक ही विमान को पहले सुबह दिल्ली-भोपाल सेक्टर पर चलाया जाता है और वहां से वापसी पर इसे आदमपुर सेक्टर में संचालित किया जाता है। वीरवार सुबह भी दिल्ली भोपाल दिल्ली सेक्टर की स्पाइसजेट फ्लाइट अपने निर्धारित समय से देरी से संचालित हुई, जिस कारण आदमपुर दिल्ली फ्लाइट अपने निर्धारित समय से 4 घंटे तक पिछड़ गई।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें