विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 अगस्त पर पंजाब को दहलाने की साजिश नाकाम! BKI आतंकी से मिले थे हैंड ग्रेनेड; CCTV में दो संदिग्ध कैद

Published: Tue, 11 Aug 2026 11:47 PM (GMT+05:30)

पुलिस आदमपुर में ग्रेनेड मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं। यह ...और पढ़ें

आदमपुर में ग्रेनेड मिलने के बाद खंगाले सीसीटीवी, आदमपुर में मिली फुटेज में दो संदिग्ध कैद। फाइल फोटो

आदमपुर में ग्रेनेड मिलने के बाद खंगाले सीसीटीवी, आदमपुर में मिली फुटेज में दो संदिग्ध कैद। फाइल फोटो

सुक्रांत, जालंधर। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने आईएसआई प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े जिस आतंकी को ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था, उस तक ग्रेनेड पहुंचाने वाले और दो संदिग्ध साथियों की पहचान करवाने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

पुलिस ने माड्यूल से जुड़े लखविंदर सिंह उर्फ जोला निवासी गांव बैरसियां, एसबीएस नगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और कनाडा में बैठे आतंकी लाडा के निर्देश पर यह ग्रेनेड रखा या था। ग्रेनेड रखे जाने के बाद उसे उठाने के लिए जो फोन कॉल जोला को आई थी, वो भी लाडा के ही किसी साथी ने की थी।

आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीमों ने आदमपुर के पास उस स्थान और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जहां से ग्रेनेड हासिल करने की बात सामने आई है। जांच के दौरान फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति भी नजर आए हैं। पुलिस उनकी पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि उनका इस पूरे मामले से कोई संबंध है या नहीं।

विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर लिया था ग्रेनेड

पूछताछ में सामने आया है कि लखविंदर सिंह विदेशी बैठे हैंडलरों के सीधा संपर्क में था और उनके निर्देश पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था। जो ग्रेनेड मिला है उसका इस्तेमाल 15 अगस्त तक करना था और निशाना किसी बड़ी हस्ती को बनाया जाना था।

पुलिस का दावा है कि आरोपित ने आदमपुर के पास स्थित डेड लेटर बाक्स से हैंड ग्रेनेड हासिल किया और इसके बाद उसे एसबीएस नगर इलाके में ले गया। सूचना मिलने के बाद काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया था और जानकारी के आधार पर गांव बैरसियां में कार्रवाई कर 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया।

हमले की साजिश किस जगह थी, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद ग्रेनेड का इस्तेमाल कहां किया जाना था और इसके पीछे किस तरह की आतंकी साजिश तैयार की गई थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि डेड लेटर बाक्स तक ग्रेनेड किसने पहुंचाया और उसे वहां से आरोपित तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया क्या थी।