Accident in Jalandhar : जालंधर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से कार सवार एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 3 घायल
Accident in Jalandhar जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर काला बकरा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। Accident in Jalandhar जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर अड्डा काला बकरा के पास बीती देर रात एक अज्ञात वाहन ने टांडा से जालंधर की तरफ आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराते हुए मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतकों की पहचान अनूप सिंह पुत्र बग्गा सिंह, सुरेंद्र कौर पत्नी अनूप सिंह और अनूप की भतीजी 5 वर्षीय अर्शिया के रूप में हुई। वहीं घायलों की पहचान प्रभजोत कौर अजूनी कोर और माहिक कौर निवासी डिफेंस कॉलोनी जालंधर के रूप में हुई है। वहीं इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
टक्कर मारने वाले वाहन का नहीं चल सका है पता
मिली जानकारी के अनुसार जालंधर के डिफेंस कॉलोनी का रहने वाला परिवार अपने किसी काम से टांडा में एक रिश्तेदार के घर पर गया हुआ था जहां से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना देर रात 1:30 बजे के करीब हुई, जिसके बाद अज्ञात वाहन कार को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। हालांकि मामले में अभी तक पुलिस को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी देते हुए पचरंगा चौकी प्रभारी बिस्मन सिंह शाही ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि काला बकरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी है।
मौके पर पहुंचने पर कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं जल्द ही मामले में शामिल वाहन की पहचान करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।