डीजे वाला दीपू करता था झगड़ा, परेशान होकर बेटी ने लगाया फंदा
धीणा गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर छापेमारी शुरू की है। हालांकि दीपू अभी गिरफ्तार नहीं हो सका है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : भगत ¨सह कॉलोनी में आर्केस्ट्रा में बतौर डांसर काम करने वाली 25 साल की आरती का शव थाना आठ की पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद घरवालों को सौंप दिया।
पुलिस ने आरती की मां नीरू के बयान पर धीणा गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर छापेमारी शुरू की है। हालांकि दीपू अभी गिरफ्तार नहीं हो सका है। पुलिस को दिए बयानों में आरती की मां नीरू ने बताया कि आरती पिछले दो साल से दीपू के संपर्क में थी। दोनों के बीच अफेयर था। दीपू शुरुआत के कुछ माह तक ठीक था। धीरे-धीरे वह घर भी आने लगा था। दीपू आरती के साथ पिछले छह माह से झगड़ा करने लगा था। दोनों में अक्सर फोन पर या घर पर किसी बात पर झगड़ा होता था। झगड़े के बाद आरती अक्सर रोते मिलती थी। हालांकि कई बार पूछने के बाद भी वह कुछ बताती नहीं थी। आरती इन दिनों कुछ अधिक परेशान थी जिसके चलते वह काम पर भी नहीं जा रही थी। दीपू सोमवार को भी घर पर आरती से मिलने आया था। तब भी दोनों में झगड़ा हुआ था। कहासुनी के दौरान उन्होंने पोती सानिया को घर से बाहर खेलने भेज दिया था। वहीं आरती की मौत के बाद जब थाना आठ की पुलिस भी पहुंची तो पुलिस के सामने ही आरती के फोन पर दीपू की कॉल आई थी। जिस पर पुलिस ने दीपू को बुलाया लेकिन उसने फोन काट दिया था। मामले में पुलिस ने बयानों के आधार पर दीपू पर केस दर्ज किया है। दीपू नागरा गांव में डीजे चलाता है। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।