70 दिन में जालंधर से पकड़ा गया 59 करोड़ का नशा
जालंधर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार भले ही नशे खत्म करने का दावा ठोकती हो लेकिन चुनावों के 70 दिन में अकेले जालंधर से 59 करोड़ का नशा पकड़ा गया। चुनाव आयोग को भेजी रिपोर्ट से सरकार को आइना दिखाने वाली सच्चाई उजागर हुई है। खासकर जालंधर के देहात क्षेत्र में नशे के लिहाज से हालात चिताजनक है जहां से 55 करोड़ से ज्यादा का नशा पकड़ा गया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर
पंजाब की कैप्टन सरकार भले ही नशे खत्म करने का दावा ठोकती हो, लेकिन आचार संहिता लागू होने के बाद 70 दिन में अकेले जालंधर से 59 करोड़ का नशा पकड़ा गया। चुनाव आयोग को भेजी रिपोर्ट से सरकार को आइना दिखाने वाली यह सच्चाई उजागर हुई है। खासकर, जालंधर के देहात क्षेत्र में नशे के लिहाज से हालात चिताजनक है, जहां से 55 करोड़ से ज्यादा का नशा पकड़ा गया है। इस बारे में पुलिस नशे को बरामद करने की बात कह अपनी पीठ थपथपा सकती है, लेकिन यह नशा यहां तक पहुंचा कैसे? यह सवाल सरकार व पंजाब पुलिस पर सवाल तो खड़े करता ही है। बरामद किए नशे में बड़ी मात्रा में हेरोइन, भुक्की व अफीम शामिल है।
----------
कितना नशा पकड़ा (जालंधर शहरी क्षेत्र)
नशा मात्रा कीमत
भुक्की - 382 किलो - 22.92 लाख
अफीम - 8.5 किलो - 6.80 लाख
गांजा - 3 किलो - 30 हजार
हेरोइन - 600 ग्राम - 1.50 करोड़
कैप्सूल - 3,175 - 45 हजार
शराब - 13754 लीटर - 43.44 लाख
(अन्य नशे मिलाकर पुलिस कमिश्नरेट के अधीन आते जालंधर शहरी एरिया से कुल 3.18 करोड़ का नशा पकड़ा गया)
------------------
जालंधर रुरल क्षेत्र
नशा मात्रा कीमत
भुक्की - 157 किलो - 8.71 लाख
अफीम - 16.77 किलो - 15.21 लाख
गांजा - 1.15 किलो - 55 हजार
हेरोइन -12568 ग्राम - 51.39 करोड़
स्मैक - 40 ग्राम - 1.60 लाख
चरस - 23705 ग्राम - 17.57 लाख
कैप्सूल - 18390 - 1.50 लाख
शराब -2,41,052 लीटर - 1.79 करोड़
(अन्य नशे मिलाकर जालंधर देहात पुलिस के एरिया से 55.36 करोड़ का नशा पकड़ा गया)
-------------
देहात से कैश भी ज्यादा पकड़ा
जालंधर देहात पुलिस के एरिया से चुनाव के दौरान 1.79 करोड़ का कैश भी बरामद हुआ। वहीं, शहर से सिर्फ 88.77 लाख का कैश पकड़ा गया। जालंधर देहात एरिया से 29.64 लाख का 900 ग्राम सोना और साढ़े नौ लाख की 2.40 किलो चांदी भी पकड़ी गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप